नालंदा: ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर से लाखों की प्राचीन मूर्तियां चोरी, गांव में मचा हड़कंप
बिहार के नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर से बुधवार रात लाखों रुपये की प्राचीन मूर्तियां चोरी हो गईं। ...और पढ़ें

ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर से लाखों की प्राचीन मूर्तियां चोरी, गांव में मचा हड़कंप
HighLights
मानपुर थाना क्षेत्र के बुद्ध मंदिर से मूर्तियां चोरी।
भगवान विष्णु, सूर्य देव, बुद्ध की प्रतिमाएं गायब।
ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां गांव स्थित ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बुधवार रात चोरों ने मंदिर का ताला और कुंडी तोड़कर वहां स्थापित लाखों रुपये मूल्य की पालकालीन ऐतिहासिक मूर्तियां चोरी कर फरार हो गए।
चोरी गई प्रतिमाओं में भगवान विष्णु, सूर्य देव और भगवान बुद्ध की एक खंडित प्रतिमा शामिल है। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
घटना का खुलासा गुरुवार सुबह उस समय हुआ, जब ग्रामीण रोजाना की तरह मंदिर की साफ-सफाई के लिए पहुंचे। मंदिर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला और ताला व सीकड़ सीढ़ी पर पड़े थे। अंदर जाकर देखा गया तो तीनों ऐतिहासिक प्रतिमाएं गायब थीं।
गौतम बुद्ध विकास समिति के सचिव राजीव कुमार ने बताया कि मूर्ति चोरी होने की सूचना तत्काल मानपुर थाना को दी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि भगवान विष्णु और सूर्य देव की प्रतिमाएं पिछले वर्ष गांव के तालाब की खुदाई के दौरान जमीन से निकली थीं। उनकी ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए उन्हें सुरक्षित रखने के लिए बुद्ध मंदिर में स्थापित किया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है तथा मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
खबरें और भी
फिलहाल इस घटना ने नालंदा की ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से चोरी गई प्राचीन मूर्तियों की शीघ्र बरामदगी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।