राजगीर और पटना में सजेगा बिहार का सबसे बड़ा खेल महाकुंभ, 5 हजार खिलाड़ी दिखाएंगे दम
बिहार में पहली बार राज्यस्तरीय बहु-खेल प्रतियोगिता 'बिहार राज्य खेल-2026' का आयोजन 5 से 12 सितंबर तक राजगीर और पटना में होगा। इसमें लगभग 5,000 खिलाड़ी ...और पढ़ें

सांकेतिक फोटो
HighLights
बिहार राज्य खेल 2026 का आयोजन 5-12 सितंबर तक।
राजगीर और पटना में 22 खेल विधाओं में स्पर्धाएं।
लगभग 5,000 खिलाड़ी लेंगे भाग, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच।
संवाद सहयोगी, राजगीर। बिहार में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राज्यस्तरीय बहु-खेल प्रतियोगिता बिहार राज्य खेल-2026 का आयोजन पांच से 12 सितंबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिताएं राजगीर स्थित बिहार स्पोर्ट्स एकेडमी एंड कॉम्प्लेक्स कैंपस व पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित होंगी।
बिहार सरकार के खेल विभाग और बिहार ओलंपिक एसोसिएशन (बीओए) के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में राज्यभर के करीब पांच हजार महिला व पुरुष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
बीओए के अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि यह बिहार के खेल इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बहु-खेल आयोजन होगा। इसकी शुरुआत 16 अगस्त को पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स से शुभारंभ समारोह और मशाल यात्रा (टार्च रिले) के साथ होगी। जबकि, पांच सितंबर को उद्घाटन समारोह व 12 सितंबर को रंगारंग समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में कुल 22 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। राजगीर के विश्वस्तरीय खेल परिसर में हैंडबाल, हाकी, जूडो, कबड्डी, तैराकी, टेबल टेनिस, वालीबाल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, बास्केटबाल, फेंसिंग, रग्बी और फुटबाल की स्पर्धाएं होंगी। वहीं, पटना में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बाक्सिंग, साइक्लिंग, शूटिंग, वुशु, योगासन और ताइक्वांडो प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा पेंटाथलान और बालिंग को भी शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में राज्य की शीर्ष आठ टीमें भाग लेंगी। आयोजन का उद्देश्य जिला स्तर से उभर रही खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच देना, खेल संस्कृति को मजबूत करना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करना है। अजय ने कहा कि बिहार राज्य खेल-2026 केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राज्य में खेल उत्कृष्टता की नई शुरुआत साबित होगी।
खबरें और भी
बिहार राज्य खेल-2026 एक नजर में
आयोजन अवधि : 5 से 12 सितंबर
मशाल यात्रा : 16 अगस्त, पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स, पटना
आयोजक : बिहार ओलंपिक एसोसिएशन एवं खेल विभाग
प्रतिभागी : लगभग 5,000 खिलाड़ी (महिला एवं पुरुष)
खेल विधाएं :22 (दो नई विधाओं पर विचार जारी)
मुख्य आयोजन स्थल : बिहार स्पोर्ट्स एकेडमी एंड काम्प्लेक्स, राजगीर व पाटलिपुत्र खेल परिसर, पटना
उद्देश्य : राज्य की खेल प्रतिभाओं को मंच, खेल संस्कृति को बढ़ावा और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की तैयारी।