नालंदा के एकंगरसराय को जाम से मिलेगी मुक्ति: आज से लागू होगी नई यातायात व्यवस्था, 50-50 मीटर दायरा नो पार्किंग जोन
एकंगरसराय बाजार को जाम से मुक्त करने के लिए 1 अगस्त से नई यातायात व्यवस्था लागू होगी, जिसमें मुख्य चौक से 50 मीटर तक नो पार्किंग जोन रहेगा। ...और पढ़ें
-1785552073909_m.webp)
HighLights
एकंगरसराय में 1 अगस्त से नई यातायात व्यवस्था लागू।
मुख्य चौक से 50 मीटर तक नो पार्किंग जोन घोषित।
बसों का मुख्य बाजार में प्रवेश पूरी तरह बंद।
संवाद सूत्र, एकंगरसराय। एकंगरसराय बाजार को जाम से मुक्त करने के लिए नपं प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। एक अगस्त से शहर में नई यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत मुख्य चौक से चारों दिशाओं में 50-50 मीटर तक के क्षेत्र को नो पार्किंग जोन घोषित किया जाएगा।
इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के वाहन का ठहराव प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, शहर में बसों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। नई व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना सहित अन्य कार्रवाई की जाएगी।
नपं के कार्यपालक पदाधिकारी प्रणव कुमार ने बताया कि नौ जुलाई को हिलसा अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एकंगरसराय बाजार को जाममुक्त बनाने, यातायात व्यवस्था में सुधार, अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। उसी बैठक के आलोक में एक अगस्त से नई व्यवस्था लागू की जा रही है।
नई व्यवस्था के तहत मुख्य चौक से पटना रोड, इस्लामपुर रोड, बिहारशरीफ रोड और जहानाबाद रोड की ओर 50-50 मीटर तक का क्षेत्र नो पार्किंग जोन रहेगा। इस क्षेत्र में आटो, ई-रिक्शा, बाइक, कार, ठेला सहित किसी भी प्रकार के वाहन का ठहराव नहीं होगा। सड़क किनारे अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध नपं कार्रवाई करेगी।
इस्लामपुर से हिलसा आने-जाने वाली बसों का एकंगरसराय मुख्य बाजार में प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। बिहारशरीफ से इस्लामपुर और हिलसा जाने वाली बसें मुख्य चौक से दाएं या बाएं मुड़कर बाजार में प्रवेश नहीं करेंगी। इससे मुख्य बाजार में भारी वाहनों का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
खबरें और भी
नई व्यवस्था लागू करने से पहले गुरुवार को कार्यपालक पदाधिकारी प्रणव कुमार और थानाध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में नो पार्किंग जोन की सीमा का निर्धारण किया गया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में नई व्यवस्था का रिहर्सल किया गया।
नई व्यवस्था का सबसे अधिक असर मुख्य चौक के समीप पटना रोड पर ठेला लगाकर फल बेचने वाले दुकानदारों पर पड़ेगा। अब उन्हें निर्धारित सीमा से बाहर जाकर व्यवसाय करना होगा। वहीं, बैंकों में आने वाले ग्राहकों को भी निर्धारित क्षेत्र से बाहर वाहन पार्क कर पैदल बैंक तक जाना होगा।
एक अगस्त से नई व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों को चिन्हित कर जुर्माना लगाया जाएगा। कार्यपालक पदाधिकारी ने शहरवासियों से नई व्यवस्था का पालन कर एकंगरसराय को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की अपील की है।