दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी नहीं सूखी, नालंदा में शादी के 6 दिन बाद ही युवक की गोली मारकर हत्या
नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय राहुल कुमार की शादी के मात्र 6 दिन बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

मृतक के रोते बिलखते स्वजन। (जागरण)
HighLights
शादी के 6 दिन बाद युवक की हत्या।
नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र में हुई घटना।
मछली पकड़ने के विवाद में गोली मारी गई।
संवाद सूत्र, बिंद। स्थानीय थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव निवासी मुकेश कुमार के 26 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जाता है कि राहुल कुमार की शादी इसी महीने 20 अप्रैल को भागनबीघा थाना क्षेत्र के पैठना गांव की जूही कुमारी से हुई थी।
शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि घर में कोहराम मच गया। दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी थी और पति की अर्थी उठ गई। घर में लगा टेंट-सामियाना तक अभी नहीं हटाया गया है, जिससे माहौल और भी गमगीन हो गया है।
मृतक राहुल गांव में रहकर ट्रैक्टर चलाने और टेंट का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और मिलनसार व शांत स्वभाव का युवक माना जाता था।
नदी किनारे पड़ा था राहुल
मृतक के पिता मुकेश कुमार ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 9:30 बजे गांव के ही दो युवक राहुल को बुलाकर जिराइन नदी किनारे स्थित सूर्य मंदिर के पास ले गए।
रात करीब तीन बजे उनके मंझले पुत्र कुंदन के मोबाइल पर फोन आया, जिसमें बताया गया कि राहुल को गोली लग गई है। स्वजन जब मौके पर पहुंचे तो राहुल खून से लथपथ नदी किनारे पड़ा था। इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों के अनुसार, जिराइन नदी में मछली मारने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि राहुल कुछ लोगों के साथ मिलकर मोटर लगाकर पानी सुखाकर मछली पकड़ रहा था, जिस पर गांव के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी। इसी विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
खबरें और भी
घटना की सूचना मिलते ही बिंद थानाध्यक्ष मुरली आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन किया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला मछली मारने को लेकर हुए पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। युवक के सिर में पीछे से गोली मारी गई है।
परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। वहीं एएसपी नुरुल हक ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और कहा कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, जिसमें मछली मारने के विवाद की भूमिका सामने आ रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना के बाद मृतक की मां पुष्पा देवी बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। नई नवेली दुल्हन जूही कुमारी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग घटना से स्तब्ध हैं।