विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के नालंदा में मवेशी चोरी की अफवाह पर भारी बवाल, पुलिस की एंट्री से टली हिंसा

Published: Tue, 25 Aug 2026 08:24 AM (IST)

नालंदा के सालेपुर में मवेशी चोरी के आरोप में एक व्यक्ति की पिटाई कर रही उन्मादी भीड़ को पुलिस ने ...और पढ़ें

मवेशी चोरी की अफवाह पर भारी बवाल

मवेशी चोरी की अफवाह पर भारी बवाल

HighLights

  1. भीड़ ने मवेशी चोरी के आरोप में एक व्यक्ति को पीटा।

  2. पुलिस ने समय पर पहुंचकर बड़ी हिंसा को टाल दिया।

  3. पुलिस ने कुछ बाधा डालने वाले युवकों को हिरासत में लिया।

पंचायत सूत्र, सालेपुर/चंडी। चंडी थाना क्षेत्र के सालेपुर-बेलधना के निकट सोमवार की सुबह पुलिस की तत्परता से उन्मादी भीड़ के हिंसा की घटना टल गई। पशुधन चोरी में संलिप्तता के आरोप में भीड़ ने पड़ोस के गांव के एक व्यक्ति की पिटाई शुरू कर दी थी। 

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने उसे भीड़ से सुरक्षित निकाल लिया। इस दौरान कुछ युवकों ने पुलिस के कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया, जिन्हें हिरासत में लिया गया। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

किसान के घर में घुसा किशोर

ग्रामीणों का आरोप था कि मेहंदीबिगहा का 13 वर्षीय किशोर रविवार की रात करीब दस बजे एक किसान के घर में घुसा था। लोगों के जाग जाने पर वह भाग निकला। ग्रामीणों का दावा था कि उसके साथ कुछ और युवक भी थे, जो पशुधन चोरी के इरादे से आए थे। 

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार मवेशी चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है। बताया गया कि सोमवार की अलसुबह किशोर उसी घर के पास एक दुकान पर किसी से मिलने के बहाने पहुंचा। कुछ लोगों ने उसे बैठा लिया और पूछताछ की। 

दबाव डालने पर उसने मेहंदीबिगहा के एक व्यक्ति का नाम लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने छोटेलाल यादव पर पशुधन चोरी में संलिप्तता का आरोप लगाकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। स्थानीय चौकीदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस को हल्का संघर्ष करना पड़ा

थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि चोरी की कोई घटना सामने नहीं आई थी। केवल आरोप के आधार पर पिटाई की सूचना पर पुलिस पहुंची। छोटे को भीड़ से निकालने के दौरान पुलिस को हल्का संघर्ष करना पड़ा। दोनों पक्ष तत्काल शिकायत करने को तैयार नहीं थे। शाम में एक पक्ष ने प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही। 

पुलिस के अनुसार, घटना से पहले ग्रामीणों ने पिटाई का वीडियो भी बनाया था। वीडियो का सत्यापन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि किशोर के वहां आने का कारण कुछ और था, जिसे ग्रामीणों ने पशु चोरी की रेकी से जोड़ दिया।