Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नालंदा में आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर लाई जा रही 753 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

    Updated: Thu, 12 Mar 2026 01:20 AM (IST)

    नालंदा के बिंद में पुलिस ने सकसोहरा-बेनार मार्ग पर एक पिकअप गाड़ी से आलू की बोरियों के नीचे छिपाई गई 753 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। इस कार्रवाई में ...और पढ़ें

    753 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद

    753 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद

    HighLights

    1. बिंद पुलिस ने पिकअप से 753 बोतल शराब पकड़ी।

    2. आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर लाई गई थी शराब।

    3. दो तस्कर गिरफ्तार, एक फरार, हरियाणा से लाई गई थी।

    संवाद सूत्र,बिंद। स्थानीय थाना पुलिस ने सकसोहरा-बेनार मार्ग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंद के समीप एक पिकअप गाड़ी से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक तस्कर गाड़ी से कूदकर फरार होने में सफल रहा। 

    गिरफ्तार तस्करों की पहचान नगरनौसा थाना क्षेत्र के मड़वा गांव निवासी संजय यादव के पुत्र अमरजीत कुमार और वेना थाना क्षेत्र के देहलीचक गांव निवासी सुरेश यादव के पुत्र जयराम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस फरार तस्कर की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। 

    पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना

    इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी के जरिए सकसोहरा-बेनार मार्ग से अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और मार्ग पर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई।

    जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में पाया गया कि गाड़ी के ऊपर आलू लदे हुए थे, जबकि उसके नीचे चालाकी से अंग्रेजी शराब के कार्टून छिपाकर रखे गए थे। जब पुलिस ने आलू की बोरियों को हटाकर जांच की तो नीचे से शराब के कार्टून बरामद हुए। 

    खबरें और भी

    64 कार्टून में 753 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद

    तलाशी के दौरान कुल 64 कार्टून में 753 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 564.75 लीटर बताई जा रही है। बरामद शराब में सिग्नेचर, बोकार्डी, मैजिक मोमेंट और रॉयल स्टैग जैसे ब्रांड शामिल हैं। सभी बोतलों पर फोर सेल इन हरियाणा लिखा हुआ पाया गया है, जिससे स्पष्ट है कि शराब हरियाणा से लाई गई थी। 

    पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार दोनों तस्करों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि शराब की खेप हरियाणा से लाई गई थी। हालांकि इसे जिले में किस जगह पहुंचाया जाना था और इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा पूछताछ के बाद ही हो पाएगा। 

    तस्कर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी 

    थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में वाहन मालिक, चालक समेत चार लोगों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। साथ ही फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। 

    थानाध्यक्ष ने कहा अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।