विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा में विजिलेंस टीम का एक्शन, 28 हजार रुपये घूस लेते BCO रंगेहाथ गिरफ्तार

Published: Wed, 23 Sep 2026 03:20 PM (IST)

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने नालंदा के करायपरसुराय प्रखंड में सहकारिता प्रसार पदाधिकारी संतोष कुमार को 28 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

प्रभार के बदले 28 हजार की डिमांड, रिश्वत लेते बीसीओ को निगरानी ने दबोचा

प्रभार के बदले 28 हजार की डिमांड, रिश्वत लेते बीसीओ को निगरानी ने दबोचा

HighLights

  1. सहकारिता प्रसार पदाधिकारी संतोष कुमार 28 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार।

  2. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने नालंदा के करायपरसुराय में की कार्रवाई।

  3. सहकारी समिति प्रबंधक का कार्यभार सौंपने के एवज में मांगी थी रिश्वत।

संवाद सूत्र, करायपरसुराय। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की विशेष टीम ने बुधवार को नालंदा में बड़ी कार्रवाई करते हुए करायपरसुराय प्रखंड के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी (बीसीओ) संतोष कुमार को 28 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

आरोप है कि बीसीओ ने सांध पंचायत से जुड़े सहकारी समिति के प्रबंधक का कार्यभार सौंपने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। निगरानी की टीम ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम के साथ दबोचा।

मिली जानकारी के अनुसार, मामला सांध पंचायत से जुड़ा है। सांध गांव निवासी अभिषेक कुमार को नियमानुसार प्रबंधक का कार्यभार सौंपा जाना था। आरोप है कि इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बजाय बीसीओ संतोष कुमार पिछले करीब दो वर्षों से अभिषेक कुमार को लगातार टालते रहे।

इसी दौरान कार्यभार सौंपने की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में 28 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई। रिश्वत की मांग से परेशान अभिषेक कुमार ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया।

सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की योजना तैयार की गई। इसके लिए डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार, बुधवार को परिवादी अभिषेक कुमार बीसीओ संतोष कुमार के पास पहुंचा।

जैसे ही उसने निगरानी टीम द्वारा उपलब्ध कराई गई केमिकल लगे 28 हजार रुपये की रकम बीसीओ को दी, पहले से आसपास सादे लिबास में तैनात निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान बीसीओ के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई। इसके बाद निगरानी टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ पटना ले गई।

निगरानी विभाग की कार्रवाई के बाद आरोपी बीसीओ से पटना में पूछताछ की जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही करायपरसुराय प्रखंड मुख्यालय में हड़कंप मच गया। खासकर सहकारिता विभाग से जुड़े कर्मचारियों और अन्य कार्यालयों में कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

यह भी पढ़ें- 50 हजार की रिश्वत ने खोला CRPF में करप्शन का राज, CBI जांच में फंसे ऑडिट टीम के कई बड़े अफसर

यह भी पढ़ें- ग्रेड पे के लिए मांगी रिश्वत, बिहार शिक्षा विभाग का अधिकारी सस्पेंड; शिक्षा मंत्री ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी