विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 27, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नालंदा में ऑनर किलिंग: प्रेम प्रसंग में 19 वर्षीय युवती की हत्या, नदी किनारे शव को दफनाया

Published: Sat, 27 Sep 2025 06:10 PM (IST)

नालंदा के नूरसराय में एक 19 वर्षीय युवती मायावती कुमारी की हत्या कर शव को नदी किनारे दफना दिया गया। ...और पढ़ें

प्रेम के चलते 19 वर्षीय युवती की हत्या। प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रेम के चलते 19 वर्षीय युवती की हत्या। प्रतीकात्मक तस्वीर

संवाद सहयोगी, नालंदा। नूरसराय थाना क्षेत्र के नोनिया विगहा गांव में 19 वर्षीय युवती की हत्या कर उसके शव को सहसी नदी किनारे दफन कर दिया गया था। चार दिन बाद दुर्गंध फैलने पर ग्रामीणों को घटना का पता चला।

पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में करीब 3 फीट गड्ढा खोदकर शव को बाहर निकाला। मरने वाली युवती उक्त गांव निवासी अशोक चौहान की बेटी मायावती कुमारी (19) है। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।

आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से घरवालों ने उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद मायावती के माता-पिता फरार हैं। इस घटना को ऑनर किलिंग से जोड़कर देखा जा रहा है।

नाबालिग भाई ने खोला राज

पुलिस ने मृतका के नाबालिग भाई से पूछताछ की। जिसके बाद उसने पूरी वारदात का खुलासा किया। पुलिस को घटनास्थल से रस्सी, इंजेक्शन और अन्य सामान भी बरामद हुआ है। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

एसडीपीओ ने दी जानकारी

सदर एसडीपीओ संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दुर्गंध आने पर गड्ढा खोदा गया तो शव बरामद हुआ।

शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि 3-4 दिन पहले हत्या कर दफनाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।

जहर देकर हत्या की आशंका

ग्रामीणों ने बताया कि शव को बोरे में बंद कर गड्ढे में बैठी अवस्था में दबाया गया था। घटनास्थल से इंजेक्शन भी मिला है, जिससे आशंका है कि जहर देकर हत्या की गई होगी। अब पूरा मामला जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।