विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा में त्योहारों पर महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान, स्टंटबाजों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Published: Sat, 26 Sep 2026 03:57 PM (IST)

पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने नालंदा में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। उन्होंने त्योहारों के दौरान ...और पढ़ें

नालंदा पुलिस। फोटो जागरण

नालंदा पुलिस। फोटो जागरण

HighLights

  1. त्योहारों में महिला सुरक्षा पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए।

  2. शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलेगा।

  3. सड़कों पर स्टंट करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। पटना रेंज के आइजी जितेंद्र राणा ने शनिवार को नालंदा जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

बैठक में एसपी हृदय कांत, सभी डीएसपी और प्रमुख थानों के थानाध्यक्ष शामिल हुए। आइजी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आइजी ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लंबित मामलों में आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कर कांडों के निष्पादन की प्रक्रिया तेज करने को कहा।

महिला सुरक्षा पर विशेष नजर

त्योहारों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। मंदिरों, पूजा पंडालों और नदी घाटों पर महिलाओं की अधिक भीड़ को देखते हुए महिला कॉलेजों, स्कूलों, कोचिंग संस्थानों और धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी रखने को कहा गया। इन स्थानों पर सादे लिबास में पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी।

शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान

त्योहारी मौसम में शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। आइजी ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने को कहा।

स्टंटबाजों पर होगी कार्रवाई

सड़कों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और स्टंट करने वालों के खिलाफ भी पुलिस को सख्ती बरतने का निर्देश दिया गया। रांची-पटना हाईवे सहित नवनिर्मित चौड़ी सड़कों पर, जहां तेज रफ्तार और स्टंट के कारण दुर्घटना की आशंका रहती है, वहां विशेष गश्ती दल तैनात किए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गणेश पूजा के बाद दुर्गापूजा और छठ पर्व को देखते हुए जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया।

यह भी पढ़ें- बिहार में जेलों की निगरानी का बदला सिस्टम, DM की जगह प्रधान जिला जज को बड़ी जिम्मेदारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।