शादी से 7 दिन पहले मौत; नालंदा में तिलक समारोह में फायरिंग के दौरान युवक की गई जान
बिंद थाना क्षेत्र के अमावां गांव में एक तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान 20 वर्षीय युवक छोटू कुमार उर्फ गोलू कुमार की गोली लगने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

घटना के बाद पसरी मायूसी। जागरण
संवाद सूत्र, बिंद (नालंदा): स्थानीय थाना क्षेत्र के अमावां गांव में एक तिलक समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों का माहौल मातम में बदल दिया।
समारोह में शामिल होने आए एक युवक की गोली लगने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिंद थाना क्षेत्र के अमावां गांव में दिनेश राउत के पुत्र मंटू कुमार के तिलक समारोह का आयोजन किया गया था।
नाच के दौरान हुई फायरिंग
इसी समारोह में सरमेरा थाना क्षेत्र के गौशनगर निवासी उपेंद्र प्रसाद के पुत्र छोटू कुमार उर्फ गोलू कुमार (20 वर्ष) अपने चचेरे भाई के साथ शामिल होने पहुंचा था।
ग्रामीणों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान बार बालाओं के नाच के बीच हर्ष फायरिंग की जा रही थी। इसी दौरान बंदूक में गोली लोड करते समय अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे उसके पेट में जा लगी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल युवक को निजी वाहन से सदर अस्पताल बिहारशरीफ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चचेरे भाई सूरज कुमार ने बताया कि वे दोनों दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। दूसरे मंजिल की छत पर नाच चल रहा था।
20 अप्रैल को होना था तिलक
इसी क्रम में गोली की आवाज आई। ऊपर जाकर देखा तो छोटू खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। मदद की गुहार लगाने पर भी लोग मौके से फरार हो गए।
बताया जाता है कि छोटू कुमार दो भाइयों में छोटा था और दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। सबसे दुखद बात यह है कि 20 अप्रैल को उसका तिलक होना था और 27 अप्रैल को बिंद थाना क्षेत्र के छत्तरबीघा गांव में उसकी शादी तय थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस कर रही मामले की तफ्तीश
बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि हर्ष फायरिंग के दौरान युवक की मौत हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सदर डीएसपी नुरुल हक ने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया गया है।
यह घटना एक बार फिर शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में हर्ष फायरिंग की खतरनाक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े करती है। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद लोग इस परंपरा को छोड़ने को तैयार नहीं हैं, जिसका खामियाजा निर्दोष लोगों को जान गंवाकर चुकाना पड़ रहा है।