राजगीर में राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर नालंदा में ट्रैफिक अलर्ट; नवादा-गया जाने वालों के लिए बदला रूट
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के नालंदा विश्वविद्यालय, राजगीर दौरे के कारण यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। राजगीर, नालंदा, सिलाव और बिहारशरीफ ...और पढ़ें

नालंदा विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षा समारोह में आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु । फाइल
HighLights
राष्ट्रपति मुर्मु के राजगीर दौरे पर यातायात में बदलाव।
राजगीर, नालंदा, बिहारशरीफ के कई मार्ग प्रतिबंधित किए गए।
नवादा-गया के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मंगलवार को राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर राजगीर सहित आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है।
ट्रैफिक नियंत्रण योजना के तहत राजगीर, नालंदा, सिलाव तथा बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के चोरा बगीचा कारगिल चौक से राजगीर जाने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
13 स्थानों पर बनाए गए ड्रॉप गेट
इसके अलावा खुदागंज से छबिलापुर होते हुए राजगीर की ओर जाने वाले वाहनों का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। नवादा की ओर से वनगंगा मार्ग तथा गिरियक की तरफ से राजगीर जाने वाले वाहनों के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रतिबंधित मार्गों पर वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए कुल 13 स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। वहीं राजगीर और नालंदा क्षेत्र में 9 स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

(प्रशासन द्वारा बनाया गया ट्रैफिक प्लान।)
वैकल्पिक मार्ग से आवागमन रहेगा सुचारू
- बिहारशरीफ से राजगीर होकर नवादा एवं गया जाने वाले वाहन राजगीर न जाकर बख्तियारपुर-रजौली एनएच के रास्ते परिचालित होंगे।
- गया से सरबहदा होते हुए छबिलापुर की ओर आने वाले वाहन सरबहदा मोड़ (बलुआ खंधा मोड़) से इस्लामपुर होते हुए आगे जा सकेंगे।
- गिरियक मोड़ से राजगीर आने वाले वाहन राजगीर न आकर बख्तियारपुर-रजौली एनएच के रास्ते परिचालित होंगे।
- गया, हिसुआ एवं नवादा से आने वाली छोटी गाड़ियां व ऑटो-रिक्शा नादरीगंज से दाहिने मुड़कर पकड़िया होते हुए खराट मोड़ से बिहारशरीफ पहुंच सकेंगे।
- नवादा-गया व हिसुआ की ओर से आने वाले वाहन बाबा ढाबा से गिरियक की ओर जा सकेंगे।