मलमास मेले को लेकर राजगीर में ट्रैफिक प्लान जारी, 15 मई से 15 जून तक लागू होगी विशेष व्यवस्था
राजगीर में 17 मई से शुरू होने वाले पुरुषोत्तम मास मेले के लिए जिला प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है, जो 15 मई से 15 जून तक लागू रहेगा। ...और पढ़ें

मलमास मेला को लेकर राजगीर में ट्रैफिक प्लान जारी (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, राजगीर। राजगीर में आयोजित होने वाले त्रैवार्षिक पुरुषोत्तम मास मेला को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 17 मई से शुरू होकर 15 जून तक चलने वाले इस धार्मिक मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान और रूट चार्ट जारी किया है।
यह विशेष यातायात व्यवस्था 15 मई से 15 जून तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान में प्रतिबंधित एवं वैकल्पिक मार्ग, बैरियर, पार्किंग स्थल, ट्रैफिक आउट पोस्ट तथा ऑटो-टोटो परिचालन मार्ग को चिन्हित किया गया है।
प्रशासन का अनुमान है कि इस बार मेले में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में अधिक हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भीड़ नियंत्रण और राहत-बचाव कार्यों को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
प्रशासन के अनुसार वनगंगा से राजगीर की ओर ट्रक, ट्रैक्टर, पिकअप सहित सभी व्यवसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
वहीं, आरओबी हसनपुर से वनगंगा तक छोटे-बड़े वाहनों के परिचालन पर भी रोक लगाई गई है। हरियाली से कलाली मोड़ तथा ब्रह्मकुंड क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्गों पर भी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे व्यवसायिक वाहन
बिहारशरीफ, नवादा, गया और गिरियक की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बख्तियारपुर-रजौली एनएच से होकर गुजरने का निर्देश दिया गया है। वहीं, गया और नवादा से आने वाली छोटी गाड़ियों के लिए नारदीगंज, पकड़िया और खराट मोड़ होकर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
ब्रह्मकुंड और वैतरणी क्षेत्र रहेगा वाहन मुक्त
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ब्रह्मकुंड और वैतरणी घाट क्षेत्र को पूर्णतः वाहन वर्जित घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में केवल पैदल आवागमन की अनुमति होगी।
ब्रह्मकुंड में प्रवेश के लिए विरायतन मोड़ से जिग-जैग मार्ग निर्धारित किया गया है, जबकि निकास के लिए अलग रास्ता बनाया गया है, ताकि भीड़ नियंत्रण में आसानी हो सके।
जगह-जगह बनाए गए बैरियर और ट्रैफिक आउट पोस्ट
मेले के दौरान सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के लिए ब्रह्मकुंड, सप्तधारा, सोन भंडार, कलाली मोड़, झूला मोड़, पांडुपोखर, वनगंगा, हसनपुर ओवरब्रिज और बिहार स्पोर्ट्स एकेडमी सहित कई स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे।
खबरें और भी
इसके अलावा विरायतन मोड़, अंबेडकर चौक, छबिलापुर मोड़, पिलखी बाइपास और शांति स्तूप तिराहा समेत कई जगहों पर ट्रैफिक आउट पोस्ट बनाए गए हैं।
पार्किंग की विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पीएचईडी कैंपस, विश्वशांति स्तूप, किला मैदान, पीटीजेएम कॉलेज, हॉकी मैदान, सोन भंडार, बिहार स्पोर्ट्स एकेडमी और आयुध फैक्ट्री के समीप पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी पार्किंग स्थलों और ड्रॉप गेटों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह भी पढ़ें- Adhik Maas 2026: 17 मई से 15 जून तक दुर्लभ अधिक मास, इस समय भूलकर भी ना करें ये काम