Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नालंदा का प्रमुख स्पोर्ट्स हब बनेगा सिलाव, 12 करोड़ रुपये से बन रहा मॉडर्न खेल भवन

    Updated: Sat, 14 Feb 2026 03:37 PM (IST)

    सिलाव में 12 करोड़ की लागत से पांच मंजिला अत्याधुनिक खेल भवन सह व्यायामशाला का निर्माण शुरू हो गया है। यह राजगीर के बाद सिलाव को क्षेत्रीय खेल केंद्र ...और पढ़ें

    पांच मंजिला अत्याधुनिक खेल भवन का शुरू हुआ निर्माण। (जागरण)

    पांच मंजिला अत्याधुनिक खेल भवन का शुरू हुआ निर्माण। (जागरण)

    HighLights

    1. सिलाव में 12 करोड़ का पांच मंजिला खेल भवन बन रहा।

    2. अत्याधुनिक जिम, मल्टीपर्पस हॉल जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

    3. मुख्यमंत्री खेल विकास योजना से प्रतिभाओं को मिलेगा मंच।

    संवाद सूत्र, सिलाव। सिलाव में खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। राजगीर के बाद अब सिलाव को क्षेत्रीय खेल केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां पांच मंजिला अत्याधुनिक खेल भवन सह व्यायामशाला का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिसकी लागत लगभग 12 करोड़ रुपये है।

    यह भवन सिलाव हाई स्कूल के समीप बनाया जा रहा है और निर्माण पूरा होने के बाद इसे क्षेत्र के खिलाड़ियों को समर्पित कर दिया जाएगा। परिसर में प्रशिक्षण से लेकर प्रतियोगिता तक की सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।

    मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

    खेल भवन में जिला खेल पदाधिकारी का कार्यालय, 50 सीटों की क्षमता वाला एसी मीटिंग रूम और अत्याधुनिक जिम्नेजियम बनाया जा रहा है। जिम में उच्च गुणवत्ता के उपकरण लगाए जाएंगे।

    लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम और एक मल्टीपर्पस हॉल का भी निर्माण होगा, जहां ताइक्वांडो, वुशु, फेंसिंग, टेबल टेनिस, वेटलिफ्टिंग और कबड्डी जैसे इनडोर खेलों का प्रशिक्षण व आयोजन किया जा सकेगा।

    सुरक्षा के लिए अतिरिक्त 10.26 करोड़

    खेल विभाग ने आरओ वाटर प्यूरीफायर, जनरेटर सेट, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम और साइन बोर्ड्स की स्थापना के लिए 10.26 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की है, जिससे खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित होंगी।

    जिला खेल पदाधिकारी शालिनी भारती के अनुसार, मुख्यमंत्री खेल विकास योजना का उद्देश्य बिहार की छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'शील्ड लाओ, नौकरी पाओ' नीति के बाद युवाओं में खेल के प्रति रुचि तेजी से बढ़ी है।

    खबरें और भी

    स्थानीय लोगों का मानना है कि खेल भवन बन जाने के बाद सिलाव आने वाले समय में नालंदा का प्रमुख खेल केंद्र बनकर उभरेगा।