बिहार में ग्रामीण चिकित्सक का कारनामा, जख्मी पिता-पुत्र के सिर में धागे की जगह लगा दिया 'स्टेपलर पिन'
नवादा के वारिसलीगंज में एक ग्रामीण चिकित्सक ने घायल पिता-पुत्र के सिर में टांके की जगह सर्जिकल स्टेपलर पिन लगा दिए। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य ...और पढ़ें

जख्मी पिता-पुत्र के सिर में धागे की जगह लगा दिया 'स्टेपलर पिन'

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, नवादा/वारिसलीगंज। जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र स्थित कुटरी पंचायत के नारोमुरार गांव में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक ग्रामीण चिकित्सक ने जख्मी पिता-पुत्र के चोटिल सिर में सर्जिकल स्टेपलर पिन से टांके लगा दिए। पुत्र के सिर में स्टेपलर पिन लगा देख लोगों को कौतूहल हुआ।
किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो काफी प्रसारित होने लगा।हालांकि दैनिक जागरण ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मामला नारोमुरार गांव के गणेश नगर व शंकर बिगहा अनुसूचित टोले का है। बीते दो मार्च को टोले में आपसी कहासुनी के बाद लड़ाई-झगड़ा हो गया। जिसमें टोला निवासी अर्जुन पासवान और उनके दो बेटे हरेन्द्र पासवान और ललन पासवान के सिर में चोटें आई और सिर फट गया।
सिर में लगा दिया स्टेपलर पिन
मोहल्लेवासियों के सहयोग से तीनों को एक ग्रामीण चिकित्सक के क्लीनिक पर ले जाया गया। जहां पिता अर्जुन पासवान के सिर में एक, बेटे ललन के सिर में दो और हरेन्द्र पासवान के सिर में तीन सर्जिकल स्टेपलर पिन लगा दिए।
इसी बीच किसी ने हरेन्द्र के सिर में स्टेपलर पिन लगा देखा, तो उसकी वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया।
सर्जिकल स्टेपलर पिन का उपयोग करने के लिए अधिकृत नहीं
शनिवार को वारिसलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरती अर्चना को मामले की जानकारी हुई, तो उन्होंने एक मेडिकल जांच टीम गांव भेजा। जांच में इन जख्मी व्यक्तियों को सर्जिकल स्टेपलर पिन से सिर में टांका देने की बात सामने आई।
खबरें और भी
हालांकि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण चिकित्सक सर्जिकल स्टेपलर पिन का उपयोग करने के लिए अधिकृत नहीं है। मामले की जांच करके ग्रामीण चिकित्सक के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इधर, पिता और उनके दोनों पुत्र ने बताया कि उनके सिर के जख्म भर गए हैं और उन्हें किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी नहीं है।