Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गया-हावड़ा एक्सप्रेस में महि‍ला SI और पत‍ि-बच्‍चों से मारपीट; ट्रेन के सामने क्‍यों खड़ी हो गईं पुल‍िस अधिकारी?

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 11:56 AM (IST)

    काशीचक रेलवे स्टेशन पर गया-हावड़ा एक्सप्रेस में एक महिला दारोगा, उनके पति और बच्चे के साथ मारपीट की गई। घटना के विरोध में महिला दारोगा ट्रेन के सामने ...और पढ़ें

    पुल‍िस के सामने व‍िरोध जतातीं दारोगा। जागरण

    पुल‍िस के सामने व‍िरोध जतातीं दारोगा। जागरण

    HighLights

    1. काशीचक में गया-हावड़ा एक्सप्रेस में दारोगा दंपति से मारपीट।

    2. महिला दारोगा ने विरोध में ट्रेन के सामने प्रदर्शन किया।

    3. घटना के बाद ट्रेन एक घंटे तक काशीचक में रुकी।

    संवाद सूत्र, काशीचक (नवादा)। काशीचक रेलवे स्टेशन पर रविवार को गया-हावड़ा एक्सप्रेस में यात्रियों के साथ मारपीट की गई। 

    एसी कोच में यात्रा कर रहे दारोगा दंपति ने घटना का वीडियो जारी कर प्रशासन और रेलवे से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद करीब एक घंटे तक गया-हावड़ा एक्सप्रेस काशीचक स्टेशन पर खड़ी रही।

    गया से जा रहे थे पाकुड़ 

    पीड़ित दंपति के अनुसार, वे गया से पाकुड़ जाने के लिए गया-हावड़ा एक्सप्रेस की बी-2 एसी बोगी में सवार हुए थे। आरोप है कि नवादा स्टेशन पर कुछ युवक बिना आरक्षण के एसी कोच में घुस आए।

    वे उनकी सीट पर बैठने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर युवकों ने अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उनमें से एक युवक ने मोबाइल से फोन कर काशीचक स्टेशन पर अपने अन्य साथियों को बुला लिया।

    महिला दारोगा ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी तत्काल रेल मदद (Rail Madad) पर दी। इसके अलावा टीटीई से भी शिकायत कर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन समय पर कोई सहायता नहीं मिली।

    पीड़ितों का आरोप है कि जब ट्रेन काशीचक स्टेशन से खुली तो कुछ लोगों ने वैक्यूम काटकर ट्रेन रोक दी। इसके बाद स्टेशन पर पहले से मौजूद युवकों ने मह‍िला दारोगा, उनके पति हरिओम कुमार और बच्चे के साथ मारपीट की।

    आक्रोश‍ित मह‍िला एसआई ट्रेन के सामने डट गईं 

    घटना से आक्रोशित महिला दारोगा ट्रेन के इंजन के सामने खड़ी हो गईं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगीं। सूचना मिलने पर आरपीएफ और काशीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

    खबरें और भी

    काफी समझाने-बुझाने और सुरक्षा का भरोसा देने के बाद महिला दारोगा शांत हुईं, जिसके बाद ट्रेन को रवाना किया जा सका।

    इस पूरे घटनाक्रम के कारण गया-हावड़ा एक्सप्रेस लगभग एक घंटे तक काशीचक रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

    घटना के दौरान मौजूद कई यात्रियों ने भी मारपीट की निंदा करते हुए कहा कि आरक्षित एसी कोच में इस तरह की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।

    उन्होंने रेलवे प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दारोगा दंपति द्वारा जारी वीडियो के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।