Kakolat Waterfall में महंगी हुई एंट्री, फिर भी उमड़ा सैलानियों का सैलाब; पहले दिन पहुंचे 6950 पर्यटक
Kakolat Waterfall: भीषण गर्मी के बावजूद बिहार के ककोलत जलप्रपात में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, पिछले आठ दिनों में 70-75 हजार सैलानी पहुंचे हैं ...और पढ़ें

ककोलत शीतल जलप्रपात
HighLights
भीषण गर्मी में भी ककोलत जलप्रपात में भारी भीड़।
प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण हेतु प्रवेश शुल्क बढ़ाया, सीमा तय।
नई व्यवस्था के पहले दिन 6950 पर्यटकों ने किया प्रवेश।
संवाद सूत्र, गोविंदपुर(नवादा)। भीषण गर्मी के बीच बिहार का कश्मीर कहे जाने वाला ककोलत शीतल जलप्रपात इन दिनों पर्यटकों से गुलजार है। पिछले आठ दिनों में यहां 70 से 75 हजार तक सैलानी पहुंच चुके हैं।
बीते दो दिनों में ही करीब 35 हजार लोगों ने ककोलत पहुंचकर ठंडे पानी और प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लिया। लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है।
बढ़ी एंट्री फीस के बाद लागू हुआ नया नियम
जिला प्रशासन और वन विभाग ने भीड़ नियंत्रण के लिए 21 मई से प्रतिदिन अधिकतम आठ हजार पर्यटकों के प्रवेश की सीमा तय कर दी है। इसके साथ ही प्रवेश शुल्क और पार्किंग शुल्क में भी बड़ा बदलाव किया गया है।
अब सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को प्रति व्यक्ति 100 रुपये प्रवेश शुल्क देना होगा। वहीं शनिवार और रविवार को यह शुल्क 200 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
पहले दिन पहुंचे 6950 पर्यटक
वन प्रमंडल पदाधिकारी Shreshtha Kumar Krishna ने बताया कि संशोधित दर लागू होने के पहले दिन गुरुवार दोपहर तक 6950 पर्यटकों ने टिकट लेकर ककोलत में प्रवेश किया।
उन्होंने कहा कि सीमित संख्या तय होने से पर्यटकों को स्नान और घूमने में पहले के मुकाबले ज्यादा सुविधा मिली। भीड़ कम होने से लोगों ने आराम से प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया।
डीएम-एसपी ने लिया था व्यवस्था का जायजा
नई व्यवस्था लागू करने से पहले नवादा के डीएम Ravi Prakash, एसपी Abhinav Dheeman और डीएफओ ने बुधवार को ककोलत पहुंचकर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था।
इसके बाद प्रवेश और पार्किंग शुल्क में संशोधन का फैसला लिया गया। पहले यहां प्रवेश शुल्क मात्र 10 रुपये था, जिसे अब बढ़ाकर 100 और 200 रुपये कर दिया गया है।
बढ़ी फीस पर पर्यटकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
कई सैलानियों ने नई दरों को ज्यादा बताया है। बिहारशरीफ से पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि एकाएक इतनी ज्यादा फीस बढ़ने से आम लोगों की जेब पर असर पड़ेगा।
हालांकि प्रशासन का कहना है कि बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह फैसला जरूरी था। यह नई व्यवस्था फिलहाल 31 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी।
ककोलत जलप्रपात की संशोधित दरें
- सोमवार से शुक्रवार तक (मंगलवार बंद )
- प्रवेश शुल्क-एक सौ रुपये प्रति व्यक्ति।
- टू-व्हीलर पार्किंग शुल्क - एक सौ रुपये।
- फोर-व्हीलर पार्किंग शुल्क- दो सौ रुपये।
शनिवार एवं रविवार
- प्रवेश शुल्क- दो सौ रुपये प्रति व्यक्ति।
- टू-व्हीलर पार्किंग शुल्क- दो सौ रुपये।
- फोर-व्हीलर पार्किंग शुल्क -चार सौ रुपये।