नवादा के जंगलों से AK-47 के साथ लेवी वसूलने वाला बदमाश गिरफ्तार, भारी मात्रा में कारतूस और वर्दी बरामद
नवादा के रजौली वन्य क्षेत्र से अवैध हथियारों के बल पर लेवी वसूलने वाले बदमाश अजीत कुमार यादव को एसटीएफ और जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

लेवी वसूलने वाला बदमाश गिरफ्तार
HighLights
रजौली वन्य क्षेत्र से लेवी वसूलने वाला बदमाश गिरफ्तार।
AK-47, राइफल, कारतूस और वर्दी बरामद की गई।
प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ाव की जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, नवादा। जिले के रजौली थाना स्थित वन्य क्षेत्र से अवैध हथियारों का भय दिखाकर लेवी वसूलने वाले एक बदमाश अजीत कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया है। बदमाश की निशानदेही पर भारी मात्रा में अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और कुछ संदिग्ध वर्दियां भी जब्त की गई है।
हालांकि बदमाश को अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले दो अन्य अपराधी मौके से भागने में सफल रहे। लेकिन एसटीएफ और जिला पुलिस ने रजौली के डेलवा गांव निवासी अजीत कुमार यादव को धर दबोचा है।
शुक्रवार को जिला समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नवादा में पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने प्रेस कान्फ्रेंस आयोजित की और मामले की सिलसिलेवार ढंग से जानकारी दी।
रजौली थाना के वन्य क्षेत्र में बढ़ी है गतिविधि
पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि रजौली थाना के वन्य क्षेत्र में कुछ बदमाश हथियार के बल पर जंगल में आने-जाने वाले और काम करनेवाले मजदूरों को डरा-धमका कर उनका खाना और सामान छीन लेते हैं।
एसपी ने बताया कि आरोपित अपने संगठन के अन्य साथियों के साथ मिलकर वन्य क्षेत्र में निर्माण कार्य में जुटे ठेकेदारों और श्रमिकों को हथियार का भय दिखाकर लेवी वसूलते हैं।
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार ने स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और जिला पुलिस की एक विशेष टीम गठित की। एसटीएफ के एसआई धनराज के नेतृत्व में रजौली थाना की पुलिस और एसटीएफ के जवान शामिल थे।
12 और 13 मार्च की रात्रि में छापेमारी, एक गिरफ्तार
12 और 13 मार्च की मध्यरात्रि में टीम ने डेलवा गांव के वन्य क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान एक आरोपित अजीत कुमार यादव को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद आरोपित के घर से पश्चिम दिशा में करीब 20 मीटर की दूरी पर रहे आमे के पेड़ के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किया गया है।
खबरें और भी
हथियारों में एक एके-47 व उसके 21 जिंदा कारतूस, .315 बोर के दो रायफल व इसके 10 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, तीन एम्यूनिशन पाउच के साथ तीन कौमाफ्लाउज वर्दियां हैं। बदमाश को जब्त हथियारों के साथ थाना लाया गया।
प्रतिबंधित संगठन से जुड़ाव की चल रही जांच
रजौली थाना मे मामले को लेकर प्राथमिकी संख्या 158/26 मामला दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने बताया कि छापेमारी में बरामद हथियार आर्म्स रूल्स,2016 और आर्म्स एक्ट, 1959 के तहत प्रतिबंधित की श्रेणी में आते है। भारी मात्रा में अवैध हथियार जब्त किया जाना एसटीएफ और जिला पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। शीघ्र ही इस जानकारी से अवगत कराया जाएगा। एसपी ने बताया कि आरोपित की किसी माओवादी या अन्य किसी प्रतिबंधित संगठन या सिंडिकेट से जुड़ाव को लेकर जांच चल रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बरामद सामान
- एके-47 राइफल- 01
- 315 बोर राइफल- 02
- एके-47 के कारतूस- 21
- 315 बोर के कारतूस- 10
- मैगजीन- 02
- एम्यूनिशन पाउच- 03
- कैमोफ्लाउज वर्दी- 03 सेट