इंस्टाग्राम पर फर्जी डॉक्टर से दोस्ती, 'डिजिटल अरेस्ट' और अश्लील वीडियो से लाखों की ठगी
नवादा में एक महिला साइबर ठगी का शिकार हुई। इंस्टाग्राम पर एक फर्जी डॉक्टर से दोस्ती के बाद उसे 'डिजिटल अरेस्ट' का डर दिखाकर लाखों रुपये ठगे गए। पहले प ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
महिला से इंस्टाग्राम पर फर्जी डॉक्टर ने दोस्ती की।
'डिजिटल अरेस्ट' और पार्सल के नाम पर लाखों ठगे।
अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल कर पैसे मांगे।
जागरण संवाददाता, नवादा। जिले में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर न सिर्फ लाखों रुपये की ठगी की गई, बल्कि अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया गया। पीड़िता ने साइबर थाना नवादा में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम समी खां बताया। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और युवक ने खुद को अमेरिका में रहने वाला एमबीबीएस डाक्टर बताया। बाद में उसने व्हाट्सएप नंबर साझा किया, जो यूनाइटेड किंगडम (यूके) कोड का था। दोनों के बीच प्यार भरी बातें होने लगीं।
पार्सल क्लियर कराने के नाम पर दो हजार
इसी दौरान युवक ने कहा कि वह अमेरिका से एक पार्सल भेजना चाहता है, जिसमें आईफोन, गोल्ड और डायमंड रिंग समेत करीब दस लाख रुपये का सामान है। कुछ दिन बाद खुद को दिल्ली एयरपोर्ट का अधिकारी बताने वाले व्यक्ति का कॉल आया और पार्सल क्लियर कराने के नाम पर पहले दो हजार रुपये मांगे गए।
इसके बाद अलग-अलग बहानों से 55 हजार, एक लाख 23 हजार और फिर दो लाख 60 हजार रुपये की मांग की गई। भुगतान न करने पर सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जाने की धमकी दी गई, जिससे डरकर पीड़िता ने रकम ट्रांसफर कर दी।
खबरें और भी
प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी
इसके बाद आरोपी ने बताया कि समी खां भारत आ गया है। अगले दिन मुंबई एयरपोर्ट से कॉल कर कहा गया कि समी खां भारतीय नागरिक नहीं है और इमिग्रेशन क्लियरेंस के लिए एक लाख 50 हजार रुपये देने होंगे।
अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर ब्लैकमेल
पीड़िता के पैसे न होने की बात कहने पर पांच साल की सजा और 15 लाख रुपये जुर्माने की धमकी दी गई। डर के कारण पीड़िता ने 50 हजार रुपये और दे दिए। इसके बाद ठगों ने पीड़िता की निजी अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और एक लाख 28 हजार रुपये की और मांग की।
धमकी देने वाले ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट का सीनियर अधिकारी राहुल वर्मा बताया। फिलहाल पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना नवादा मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इंटरनेट मीडिया पर अनजान लोगों से सावधान रहें और किसी भी तरह की संदिग्ध काल या पैसों की मांग होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
एक लड़की से डिजिटल अरेस्ट का मामला आया है, आवेदन के आधार पर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दिए गए मोबाइल नंबर से तकनीकी जांच में पुलिस जुटी हुई है। - निशु मलिक, मुख्यालय डीएसपी सह प्रभारी साइबर डीएसपी नवादा