25 साल की शादी का खौफनाक अंत; नवादा में सात बच्चों के सामने मां की हत्या, शक बना वजह
कौआकोल के दरावां गांव में एक पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी पत्नी बबीता कुमारी की बरछी से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी रवि मांझी फरार हो ग ...और पढ़ें

मृतका बबिता की फाइल फोटो और गमगीन स्वजन।
HighLights
पति ने चरित्र पर शक में पत्नी की हत्या की।
बरछी से गोदकर बबीता कुमारी को मौत के घाट उतारा।
आरोपी पति रवि मांझी वारदात के बाद फरार।
संवाद सूत्र, कौआकोल (नवादा)। जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के दरावां गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।
चरित्र पर शक में एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की बरछी (गीज्जर) से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित पति फरार हो गया।
मृतका की पहचान बबीता कुमारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपित उसका पति रवि मांझी बताया गया है। दोनों की शादी करीब 25 वर्ष पहले हुई थी और उनके सात बच्चे हैं।
25 वर्ष पहले हुई थी शादी
मृतका की मां जेठनी देवी ने थाने में आवेदन देकर अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, रवि मांझी अपनी पत्नी पर अक्सर बेवजह शक करता था।
इसको लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था। घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई।
आरोप है कि गुस्से में आकर पति ने बरछी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। यह घटना घर में मौजूद बच्चों और परिजनों के सामने हुई।
गंभीर रूप से घायल बबीता कुमारी को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आपराधिक प्रवृत्ति का है आरोपित
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है और उसके खिलाफ कौआकोल थाना समेत अन्य थानों में कई मामले दर्ज हैं।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सातों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।