नवादा के खखंदुआ पहाड़ी पर होगा पत्थर खनन; ट्रैक्टर मालिकों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
नवादा के गोविंदपुर में खखंदुआ पहाड़ी पर प्रस्तावित पत्थर खनन परियोजना पर जनसुनवाई हुई। प्रशासन ने स्थानीय लोगों को रोजगार व आर्थिक अवसरों में प्राथमिक ...और पढ़ें

लोक सुनवाई में उपस्थित ग्रामीण व अधिकारी। जागरण
HighLights
खखंदुआ पहाड़ी पर पत्थर खनन परियोजना को लेकर जनसुनवाई आयोजित हुई।
स्थानीय लोगों को रोजगार और परिवहन वाहनों में प्राथमिकता मिलेगी।
आधुनिक तकनीक से खनन होगा, पर्यावरण पर कोई बुरा असर नहीं।
संवाद सूत्र, गोविंदपुर (नवादा)। नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड स्थित खखंदुआ पहाड़ी पर प्रस्तावित पत्थर खनन परियोजना को लेकर मंगलवार को बीआरसी भवन में जनसुनवाई के तहत लोक संवाद आयोजित किया गया।
इस दौरान प्रशासन ने खनन परियोजना से स्थानीय लोगों को मिलने वाले रोजगार और आर्थिक अवसरों पर विशेष जोर दिया।
एसडीसी शंभु शरण पांडे, जिला खनन पदाधिकारी प्रत्यय अमन, मनोरंजन कुमार और गोविंदपुर बीडीओ कुमार शैलेन्द्र ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक मशीनों से खनन किया जाएगा।
स्थानीय लोगों को मिलेगी प्राथमिकता
इससे पर्यावरण और आसपास के गांवों पर किसी तरह का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। अधिकारियों ने बताया कि खखंदुआ पहाड़ी पर खनन लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की योजना है।
खनन कार्य के लिए ट्रैक्टर और अन्य परिवहन वाहनों की जरूरत भी स्थानीय ग्रामीणों से पूरी करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे गांव के लोगों की आमदनी बढ़ सके।
रोजगार की संभावना को देखते हुए जनसुनवाई के दौरान कई युवाओं और ग्रामीणों ने परियोजना में काम करने की इच्छा जताते हुए मौके पर ही अपना नाम दर्ज कराया। इससे ग्रामीणों में परियोजना को लेकर उत्साह भी देखने को मिला।
लोगों ने जताई काम करने की इच्छा
हालांकि, जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य परियोजना के संभावित लाभ और प्रभावों से लोगों को अवगत कराना तथा उनकी राय जानना था। प्रशासन ने कहा कि स्थानीय लोगों की भागीदारी और हितों को ध्यान में रखते हुए ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस अवसर पर बकसोती पंचायत समिति सदस्य दिलीप राम, पूर्व राजद प्रखंड अध्यक्ष अशोक यादव, सहदेव राम, राजेश राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- 14 साल बाद फिर गुलजार होगी करवंदिया पहाड़ी; पत्थर खनन से खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते