किउल-गया रेलखंड पर होगा 8 घंटे का मेगा ब्लॉक; 4 पैसेंजर ट्रेनें रद, 4 एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट बदला
किउल-गया रेलखंड के चातर हाल्ट के समीप अंडरपास निर्माण के लिए मंगलवार को सुबह साढ़े नौ से शाम साढ़े पांच बजे तक आठ घंटे का मेगा ब्लॉक रहेगा। ...और पढ़ें

नवादा में अंडरपास निर्माण के कारण किउल-गया रेलखंड पर आठ घंटे का मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनें रद व रूट डायवर्ट
जागरण संवाददाता, नवादा। किउल-गया रेलखंड पर ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए खबर है। इस रेलखंड के चातर हाल्ट के समीप अंडरपास निर्माण को लेकर मंगलवार को सुबह साढ़े नौ से शाम साढ़े पांच बजे तक आठ घंटे के लिए मेगा ब्लॉक रहेगा। इस अवधि में सभी ट्रेनों का परिचालन बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है।
पूर्व मध्य रेल दानापुर मंडल के वरीय अधिकारी द्वारा मेगा ब्लॉक लगाने और चार पैसेंजर ट्रेन के रद करने एवं चार एक्सप्रेस ट्रेन के रूट में बदलाव करने का निर्देश जारी किया गया है।
उप मुख्य परिचालन प्रबंधक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नवादा-तिलैया के बीच किलोमीटर संख्या 78/6-8 पर एलएचएस के लिए आरसीसी बॉक्स लॉन्च किया जाएगा। जिसे लेकर मेगा ब्लॉक लगाया जाएगा। ऐसे में ट्रेनों के पैसेंजर ट्रेनों के रद रहने और रूट में बदलाव होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी।
चार पैसेंजर ट्रेनें रहेंगी रद
नवादा के यातायात निरीक्षक राजेश सिन्हा ने बताया कि चातर हॉल्ट के पास अंडर पास निर्माण को लेकर आठ घंटे का मेगा ब्लॉक को लेकर विभाग के वरीय अधिकारी द्वारा चार मेमू पैसेंजर ट्रेन को रद कर दिया गया है।
रद किए गए ट्रेनों में 63355 किउल-गया मेमू, 63315 झाझा-गया मेमू, 63322 गया-किउल मेमू और 63316 गया-झाझा मेमू शामिल हैं। इन ट्रेनों के रद होने से दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी।
चार एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट में किया गया बदलाव
यातायात निरीक्षक ने बताया कि मेगा ब्लॉक को लेकर चार महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। जो परिवर्तित मार्ग से परिचालित किया जाएगा। 19604 गोड्डा- दौराई एक्सप्रेस किउल-नवादा-गया की जगह किउल-पटना-जहानाबाद-गया होकर परिचालित होगी।
खबरें और भी
वहीं, 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस और 15619 गया-कामाख्या एक्सप्रेस को भी गया-जहानाबाद-पटना-किउल के रास्ते परिचालन किया जाएगा।
63387 जमालपुर-गया मेमू शेखपुरा-बिहारशरीफ-राजगीर होकर गया तक परिचालित किया जाएगा। इन सभी ट्रेनों का नवादा, वारिसलीगंज और तिलैया स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।