Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शादी का गिफ्ट या शराब का 'सुपरफास्ट' हथियार? R15 रेसिंग बाइक का राज खुलते ही बिहार पुलिस भी रह गई हैरान

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 05:05 PM (IST)

    नवादा के रजौली में पुलिस ने एक बिना नंबर की R15 रेसिंग बाइक से शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया। यह बाइक कथित तौर पर एक शादी का तोहफा थी, जिसका इस्तेमाल त ...और पढ़ें

    रजौली थाना में जब्त बाइक

    रजौली थाना में जब्त बाइक

    HighLights

    1. रजौली में R15 रेसिंग बाइक से शराब तस्करी पकड़ी गई।

    2. बिना नंबर की बाइक से 18 पाउच महुआ शराब जब्त।

    3. पुलिस ने तीन तस्करों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।

    संवाद सूत्र, रजौली(नवादा)। नवादा जिले के रजौली में शराब तस्करी का ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। अब तक चोरी की पुरानी बाइकों से शराब ढोने वाले तस्कर इस बार बिना नंबर की हाईटेक R15 रेसिंग बाइक का इस्तेमाल कर रहे थे।

    उनका मकसद तेज रफ्तार के दम पर पुलिस को चकमा देना था, लेकिन गुप्त सूचना ने पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।

    अंडरपास बना था 'सेफ रूट', यहीं खुल गया पूरा खेल

    गुरुवार रात करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि मुरहेना-अंधरवारी मार्ग से शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही एएसआई के.के. झा पुलिस बल के साथ अंधरवारी अंडरपास पहुंचे।

    मध्य विद्यालय के पास छापेमारी के दौरान एक बोरे में एक-एक लीटर के 18 पाउच महुआ शराब बरामद हुए। मौके से बिना नंबर की R15 बाइक भी जब्त कर ली गई, जिसका इस्तेमाल शराब ढोने में किया जा रहा था।

    शादी में मिली थी R15, अब बन गई तस्करी की सवारी!

    स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि जब्त की गई R15 बाइक एक आरोपी को शादी में उपहार के रूप में मिली थी।

    लेकिन जिस बाइक को शौक और रुतबे की पहचान माना जाता है, उसी का इस्तेमाल कथित तौर पर शराब के अवैध कारोबार में होने लगा। इस खुलासे के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

    पुरानी तरकीब छोड़ी, अब हाईटेक हो गए तस्कर

    पुलिस का मानना है कि लगातार कार्रवाई के कारण शराब माफियाओं ने अपना तरीका बदल लिया है। पहले वे चोरी की या साधारण बाइकों का इस्तेमाल करते थे, लेकिन अब तेज रफ्तार रेसिंग बाइकों के जरिए पुलिस से बच निकलने की कोशिश कर रहे हैं। इससे कानून-व्यवस्था के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।

    खबरें और भी

    तीन धंधेबाजों पर केस, बाइक की भी होगी जांच

    थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि इस मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

    साथ ही जब्त R15 बाइक के दस्तावेजों और उसकी वैधता की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बाइक चोरी की है या वैध तरीके से खरीदी गई थी।

    अब अंडरपास पर पुलिस की पैनी नजर

    पुलिस का कहना है कि एनएच-20 का अंडरपास शराब तस्करों के लिए सुरक्षित रास्ता बनता जा रहा था। अब इस पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

    पुलिस का साफ कहना है कि तस्कर चाहे जितनी हाईटेक तकनीक अपना लें, कानून की पकड़ से बच पाना आसान नहीं होगा।