विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छोटी दीवाली की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला नवादा, मिठाई कारोबारी को मारी गोली

Published: Sun, 08 Nov 2026 12:52 PM (GMT+05:30)

नवादा के नेमदारगंज बाजार में छोटी दीवाली की रात एक मिठाई दुकानदार विकास कुमार उर्फ उत्तम को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

HighLights

  1. नेमदारगंज बाजार में मिठाई दुकानदार विकास कुमार उर्फ उत्तम को गोली मारी।

  2. थाने से सिर्फ 250 मीटर दूर हुई वारदात, सुरक्षा पर उठे सवाल।

  3. घायल को पटना रेफर किया गया, पुलिस जांच में जुटी है।

संवाद सूत्र, अकबरपुर (नवादा)। नवादा जिला के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के नेमदारगंज बाजार में छोटी दीवाली की रात शनिवार को बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए राज मिष्ठान भंडार के संचालक विकास कुमार उर्फ उत्तम को गोली मार दी।

घटना रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरातफरी मच गई।

इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात नेमदारगंज थाना भवन से महज 250 मीटर की दूरी पर हुई। इससे स्थानीय लोगों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी और कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय मुखिया एवं राजद जिलाध्यक्ष उदय कुमार यादव समेत कई ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।

लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

आनन-फानन में घायल विकास कुमार को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

स्थानीय मुखिया उदय कुमार यादव भी घायल के स्वजन के साथ सहयोग के लिए पटना गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।

nawada crime news (1)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विकास कुमार प्रतिदिन निर्धारित समय पर टहलने के लिए निकलते थे। शनिवार की रात भी वह अपने नियमित दिनचर्या के अनुसार शौच क्रिया पर बैठे हुए थे।

इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली मार दी। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश भाग खड़े हुए। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के लोग सहम गए। हालांकि, गोली मारने के पीछे बदमाशों की मंशा क्या थी और घटना को किस कारण अंजाम दिया गया, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

बदमाशों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। घटना के सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।

लोगों में भय

मुखिया उदय कुमार यादव ने कहा कि नेमदारगंज बाजार में इस तरह की गोलीबारी की घटना बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। बाजार के लोग हमेशा शांतिपूर्ण माहौल में रहते आए हैं।

पहली बार इस तरह की घटना से आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से बदमाशों की अविलंब पहचान कर गिरफ्तारी करने, घटना का खुलासा करने और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

रविवार को ग्रामीणों ने बताया कि नेमदारगंज बाजार में इस तरह की गोलीबारी की घटना पहली बार हुई है। छोटी दीवाली की खुशियों के बीच हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया।

लोगों का कहना है कि जब थाना से चंद कदमों की दूरी पर बदमाश गोली मारकर आसानी से फरार हो सकते हैं, तो बाजार और आसपास के गांवों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। अब ग्रामीणों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और बदमाशों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें- संघमित्रा एक्सप्रेस में किन्नरों की दबंगई: पैसे नहीं देने पर यात्री को दांत से काटा, बिहार में 5 गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।