740 करोड़ रुपये देखकर उड़ गए होश; नवादा की महिला के खाते में कैसे दिखी इतनी बड़ी रकम? बैंक ने बताया कारण
नवादा में एक विधवा पेंशनधारी महिला के बैंक खाते में तकनीकी गड़बड़ी के कारण अचानक 740 करोड़ रुपये से अधिक ...और पढ़ें
HighLights
नवादा की विधवा महिला के खाते में दिखे 740 करोड़।
बैंक ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताया, वास्तविक राशि 10 रुपये।
महिला रात भर चिंतित रही, बैंक ने दिया आश्वासन।
जागरण संवाददाता, नवादा। नवादा नगर परिषद क्षेत्र के पार नवादा स्थित नीम टोला मोहल्ले की एक विधवा पेंशनधारी महिला के बैंक खाते में अचानक 740 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखने से हड़कंप मच गया।
ट्रांजेक्शन रसीद में इतनी बड़ी रकम देखकर महिला और ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक दोनों हैरान रह गए। हालांकि, बाद में बैंक ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताया और स्पष्ट किया कि महिला के खाते में 10 रुपये थे।
पेंशन निकालने पहुंची थीं, रसीद देखकर रह गईं दंग
वार्ड-28 के नीम टोला निवासी रेखा देवी, स्व उदय नारायण पांडेय की पत्नी हैं। वे विधवा पेंशन योजना की लाभार्थी हैं। शुक्रवार, 10 जुलाई की शाम वह 1,100 रुपये की पेंशन निकालने के लिए नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचीं।
आधार आधारित लेनदेन के जरिए पेंशन की राशि निकालने के बाद जब ट्रांजेक्शन रसीद निकली तो उसमें उपलब्ध शेष राशि 7 अरब 40 करोड़ 68 लाख 72 हजार 895 रुपये 78 पैसे दर्ज थी।
यानी उनके खाते में करीब 740 करोड़ रुपये दिख रहे थे। रसीद देखते ही सीएसपी संचालक भी हैरान रह गया। उसने मजाक में कहा, दीदी, आप तो राजा बन गईं। लेकिन रेखा देवी के लिए यह खुशी नहीं बल्कि चिंता का कारण बन गया।
रातभर नहीं आई नींद
रेखा देवी ने बताया कि वह बेहद साधारण और गरीब परिवार से हैं। खाते में इतनी बड़ी रकम देखकर वह घबरा गईं। उन्हें डर था कि कहीं इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह से उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी चिंता में वह पूरी रात सो नहीं सकीं।
बैंक ने बताया तकनीकी गड़बड़ी
मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर के विजय बाजार स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा के प्रबंधक जफर इकबाल ने जांच कराई। उन्होंने बताया कि सूचना रीजनल मैनेजर, गया को भेज दी गई है।
शाखा प्रबंधक के अनुसार प्रारंभिक जांच में महिला के खाते में मात्र 10 रुपये का वास्तविक बैलेंस मिला। उन्होंने कहा कि ट्रांजेक्शन रसीद में दिखाई गई 740 करोड़ रुपये की राशि बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि पासबुक अपडेट कराने या खाते का विवरण निकालने पर सही बैलेंस ही दिखाई देगा और खाते में किसी बड़े लेनदेन का कोई रिकॉर्ड नहीं है। बैंक ने महिला से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही है।
जांच के बाद स्थिति होगी पूरी तरह स्पष्ट
बैंक अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी त्रुटि किस स्तर पर हुई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल खाताधारक के पैसे पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी तरह की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने नहीं आया है।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जुड़े पदाधिकारी अमरनाथ कुमार ने बताया कि तकनीकी त्रुटि की वजह से महिला के खाता में इतनी राशि दिख रही थी। यदि उन्हें कोई दिक्कत हो रही है तो वह अपने बैंक में एक आवेदन दे सकती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।