एक मिठाई और विदेश में मुसीबत! अबूधाबी एयरपोर्ट पर बिहार का युवक हिरासत में
नवादा के एक युवक को अबूधाबी एयरपोर्ट पर पोस्ता दाना लगी मिठाई अपने साथ ले जाने के कारण हिरासत में लिया गया है। परिवार भारतीय दूतावास और अधिकारियों से ...और पढ़ें

पोस्तादाना लगा रसकदम ले जाने पर हिरासत में लिया गया नवादा का युवक। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
नवादा का युवक अबूधाबी एयरपोर्ट पर हिरासत में।
पोस्ता दाना लगी मिठाई ले जाने पर हुई कार्रवाई।
परिवार ने भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगाई।
संवाद सूत्र, पकरीबरावां (नवादा)। नवादा जिले के धमौल थाना क्षेत्र के तुर्कबन गांव निवासी एक युवक को अबूधाबी एयरपोर्ट पर पोस्ता दाना (खसखस) लगी मिठाई अपने साथ ले जाने के कारण हिरासत में लिया गया है।
इसकी सूचना से परिवार में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और वे भारतीय दूतावास तथा संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर युवक की रिहाई के प्रयास में जुटे हैं।
जानकारी के अनुसार, तुर्कबन गांव निवासी सुधीर पासवान के पुत्र सतीश कुमार 22 जुलाई को रोजगार के सिलसिले में पटना एयरपोर्ट से अहमदाबाद होते हुए अबूधाबी के लिए रवाना हुए थे।
यात्रा से पहले उन्होंने धमौल बाजार से रसकदम मिठाई खरीदी थी, जिसे वे अपने साथ लेकर गए थे। इस मिठाई के ऊपर पोस्ता दाना (खसखस) लगा हुआ था।
एयरपोर्ट जांच में रोका गया
स्वजन के मुताबिक, अबूधाबी एयरपोर्ट पर नियमित जांच के दौरान अधिकारियों की नजर मिठाई पर लगे पोस्ता दाना पर पड़ी।
इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सतीश कुमार को पूछताछ के लिए रोक लिया और बाद में हिरासत में ले लिया। परिवार को फिलहाल यही जानकारी मिली है कि युवक पुलिस हिरासत में है।
यूएई के कानून की नहीं थी जानकारी
परिजनों का कहना है कि उन्हें इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में पोस्ता दाना या उससे जुड़े उत्पादों को लेकर कड़े नियम लागू हैं।
भारत में यह सामान्य खाद्य सामग्री मानी जाती है और कई तरह की मिठाइयों, नमकीन तथा व्यंजनों में इसका इस्तेमाल किया जाता है। इसी वजह से सतीश कुमार अनजाने में मिठाई अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार सदमे में है। परिजन लगातार भारतीय दूतावास और अन्य संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर मदद की गुहार लगा रहे हैं, ताकि युवक को कानूनी सहायता मिल सके और उसे जल्द रिहा कराया जा सके।
भारत में प्रतिबंधित नहीं है पोस्ता दाना
फूड इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि पोस्ता दाना कोई नशीला पदार्थ नहीं है और भारत में इसके उपयोग पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
इसका इस्तेमाल मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में सामान्य रूप से किया जाता है। हालांकि, अलग-अलग देशों के आयात और खाद्य सुरक्षा संबंधी नियम अलग होते हैं, इसलिए विदेश यात्रा के दौरान वहां के कानूनों की जानकारी पहले से लेना जरूरी है।
विदेश जाने वालों के लिए सीख
इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि विदेश यात्रा करने से पहले संबंधित देश के कस्टम, आयात और प्रतिबंधित वस्तुओं से जुड़े नियमों की पूरी जानकारी अवश्य कर लेनी चाहिए।
कई देशों में ऐसी वस्तुएं, जो भारत में सामान्य रूप से उपयोग होती हैं, वहां प्रतिबंधित या नियंत्रित श्रेणी में हो सकती हैं। ऐसे मामलों में अनजाने में भी नियमों का उल्लंघन कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।