नवादा में युवक की हत्या के बाद भड़का आक्रोश, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
कौआकोल, नवादा में 22 वर्षीय अजित कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्ह ...और पढ़ें

युवक की हत्या के बाद भड़का आक्रोश
HighLights
कौआकोल में 22 वर्षीय युवक अजित कुमार की गोली मारकर हत्या।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
संवाद सूत्र, कौआकोल। कौआकोल थाना क्षेत्र के हाईस्कूल रोड से कपसिया जाने वाली नाटी नदी गांधीधाम पुल के पास गुरुवार की देर शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को शव को सड़क पर रखकर देर तक विरोध प्रदर्शन किया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने कौआकोल-रोह एवं कौआकोल-पकरीबरावां दोनों मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे यातायात सेवा बाधित हो गई। इससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बदमाशों ने मारी गोली
गुरुवार की देर शाम दो गुटों में हुए विवाद में जोगाचक गांव निवासी बिनोद यादव के 22 वर्षीय पुत्र अजित कुमार को बदमाशों ने गोली मार दी, जबकि उनके छोटे भाई रोहित कुमार को बदमाशों ने मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। घटना की सूचना के बाद स्थानीय लोगों एवं स्वजन के द्वारा दोनों को कौआकोल पीएचसी लाया गया।
जहां चिकित्सकों ने जांच उपरांत अजित को मृत घोषित कर दिया। वहीं बुरी तरह घायल रोहित को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया।
देर रात्रि पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेजा
घटना की सूचना के बाद कौआकोल थानाध्यक्ष, पकरीबरावां अंचल पुलिस इंस्पेक्टर एवं एसडीपीओ राकेश कुमार भाष्कर एवं एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां से आवश्यक साक्ष्य इकट्ठा किये। शव को देर रात्रि पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया।
शुक्रवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा। दूसरी ओर, पीड़ित स्वजन से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र 22 वर्ष है। वह शादीशुदा था।
स्वजन को अधिकारियों ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त करवाया
आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारे की गिरफ्तारी एवं अन्य मांगों को लेकर सड़क जाम कर दिया। सीओ मनीष कुमार,कौआकोल थाना के पुलिस अधिकारी, जिला पार्षद अजित यादव, समाजसेवी विकास सम्राट आदि के द्वारा आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया।
खबरें और भी
सीओ द्वारा मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत बीस हजार रुपए नगद राशि मृतक के परिवार को देने तथा पुलिस द्वारा काफी समझाने के बाद सड़क जाम हटाया जा सका।
एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना पाकर नवादा एसपी अभिनव धीमान गुरुवार की रात्रि कौआकोल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद पुलिस हर बिन्दु पर जांच में जुट गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।