नवादा की बेटी ने किया कमाल! रजौली की भूमिका CBSE 12th में बनीं पटना जिला टॉपर, 98.40 प्रतिशत अंक से बढ़ाया मान
रजौली की भूमिका ने सीबीएसई 12वीं वाणिज्य परीक्षा में 98.40% अंक प्राप्त कर पटना जिला टॉपर का गौरव हासिल किया है। उनकी इस शानदार सफलता पर परिवार और क्ष ...और पढ़ें

नवादा की बेटी बनी पटना जिला टॉपर। प्रतीकात्मक फोटो
संवाद सूत्र, रजौली (नवादा)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित 12वीं के परीक्षा परिणाम में रजौली की बेटी भूमिका ने वाणिज्य संकाय में 98.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पटना जिला टाॅपर बनने का गौरव हासिल किया है।
भूमिका की इस शानदार सफलता से पूरे परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्वजन मिठाई बांटकर खुशी का इजहार कर रहे हैं।
भूमिका टकुआटांड़ निवासी पूर्व मुखिया सह समाजसेवी दिवंगत महादेव यादव की पौत्री तथा रजौली पूर्वी पंचायत की मुखिया संजय यादव की द्वितीय पुत्री हैं।
कठिन मेहनत और लगन से मिली सफलता
बेटी की उपलब्धि पर पिता संजय यादव ने कहा कि भूमिका ने कठिन मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल की है। उन्होंने बेटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत कर प्रखंड, जिला और राज्य का नाम रोशन करे।
भूमिका ने अपनी सफलता का श्रेय स्वयं की कठिन परिश्रम, माता-पिता के सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। उसने कहा कि नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता संभव हो सकी।
भूमिका की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
वारिसलीगंज में सत्यम राज ने 83.2 फीसदी अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं प्रतिक राज ने 81.8 फ़ीसदी के साथ द्वितीय और खुशी कुमारी ने 74.6 फीसदी अंक लाकर तृतीय स्थान हासिल किया है।
विज्ञान और वाणिज्य संकाय के अधिकांश छात्र प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं। लोगों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच की जरूरत है।