विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरेंडर से पहले बेटी की शाही शादी: अनंत सिंह के दामाद को 'डिफेंडर', 4 लाख लोगों को दावत और 150 पकवान

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:57 PM (IST)

मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को होने जा रही है, जिसके ...और पढ़ें

शिवांगी सिंह और उनके पिता अनंत सिंह।

शिवांगी सिंह और उनके पिता अनंत सिंह।

HighLights

  1. अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर 2026 को।

  2. सुप्रीम कोर्ट ने 1 दिसंबर 2026 तक सरेंडर का आदेश।

  3. शादी में घुड़दौड़, 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था।

संवाद सहयोगी, बाढ़। दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने मोकामा के विधायक अनंत सिंह को बेटी की शादी (Anant Singh Daughter Wedding) के चलते 1 दिसंबर 2026 तक सरेंडर करने का आदेश दिया है। इसी बीच 25 नवंबर 2026 को अनंत सिंह की दूसरी बेटी शिवांगी सिंह की शादी तय है।

विवाह को लेकर अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में तैयारियां जोरों पर हैं; भव्य टेंट और पंडाल लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। टेंट और पंडाल लगाने की सामग्री व कारीगर उत्तर प्रदेश के मऊ से बुलाए गए हैं।

फिलहाल लगभग 10 बीघा जमीन में समारोह की तैयारियां चल रही हैं, जिसमें भोजन की व्यवस्था के लिए एक बड़ा मैदान तैयार किया जा रहा है।

सजावट के लिए विदेशों से आकर्षक फूल मंगाए जा रहे हैं और घुड़दौड़ प्रतियोगिता के लिए जमीन समतल कर विस्तृत मैदान बनाया जा रहा है। अनंत सिंह फिलहाल पटना में रह रहे हैं।

शिवांगी का विवाह पटना जिले के बिहटा अंतर्गत कृष्णानगर निवासी रणविजय सिंह (कमांडेंट) के सुपुत्र ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से हो रहा है। जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश पिछले ग्यारह वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं और उन्होंने जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी, अटलांटा से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 20 नवंबर को तिलक-फलदान का कार्यक्रम है। वहीं 25 नवंबर को अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव का उपनयन संस्कार (जनेऊ) और बेटी शिवांगी का विवाह संपन्न होगा।

विदित हो कि विधायक अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी की दो बेटियां (राजनंदनी सिंह व शिवांगी सिंह) और तीन बेटे (अंकित, अभिषेक व अभिनव) हैं। बड़ी बेटी राजनंदनी सिंह का विवाह लखीसराय जिले के प्रतापपुर निवासी कुमार पुनीत से हुआ है, जो केंद्रीय सेवा में अधिकारी हैं।

ग्रामीण बंटी सिंह ने बताया कि सभी ग्रामीण तैयारियों में जुटे हैं। इस विवाह में बिहार ही नहीं, बल्कि देश भर से लाखों लोगों के आने की संभावना है। यह आयोजन पूरे बिहार में चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि अनंत सिंह ने एमएलसी चुनाव में जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया था और जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार का खुलकर विरोध किया था। हालांकि, चुनाव में नीरज कुमार की जीत हुई।

इसके बाद जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अनंत सिंह को निष्कासित कर दिया और उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा की। साथ ही, उन्हें पटना स्थित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस भी थमाया गया है।

दुलारचंद यादव हत्याकांड मामला:

जिस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को सरेंडर करने का आदेश दिया है, वह 30 अक्टूबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान हुई दुलारचंद यादव की हत्या से जुड़ा है।

प्रचार के दौरान जन सुराज प्रत्याशी पीयूष और जदयू विधायक अनंत सिंह का काफिला मोकामा विधानसभा क्षेत्र के तारतर गांव के पास आमने-सामने आ गया था।

गाड़ी निकालने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और हिंसक झड़प हुई। इस दौरान कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और दुलारचंद यादव के पैर में गोली लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद 1 नवंबर 2025 को अनंत सिंह को गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेजा गया था।

दामाद को करोड़ों की 'डिफेंडर' और बेटे को 'BMW' मिलने की चर्चा

विवाह समारोह में दिए जाने वाले उपहारों को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अनंत सिंह अपनी बेटी के भावी दामाद को उपहार स्वरूप करोड़ों रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी भेंट कर सकते हैं।

वहीं, बेटे अभिनव के जनेऊ संस्कार के उपलक्ष्य में BMW कार देने की चर्चा है। हालांकि, इन महंगे उपहारों को लेकर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था

समारोह में लगभग चार लाख लोगों के सम्मिलित होने की संभावना को देखते हुए भोजन के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मेहमानों के लिए 150 से अधिक प्रकार के व्यंजन तैयार किए जाने की बात कही जा रही है।

इसमें बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ अन्य राज्यों के प्रसिद्ध पकवान भी शामिल होंगे। मिठाइयों में काजू कतली और सिलाव का मशहूर खाजा मुख्य आकर्षण रहेगा।

घुड़दौड़ प्रतियोगिता बनेगी आकर्षण का केंद्र

विवाह समारोह के दौरान एक भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी प्रस्तावित है। प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को महिंद्रा थार और द्वितीय विजेता को मोटरसाइकिल पुरस्कार स्वरूप देने की घोषणा की गई है।

राजनीति और सिनेमा जगत की हस्तियों को न्योता

इस समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव सहित कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों को आमंत्रित किए जाने की सूचना है।

साथ ही फिल्मी और भोजपुरी जगत के कलाकारों को भी निमंत्रण भेजा गया है, जिनमें सोनू सूद, पवन सिंह, मनोज तिवारी और गुंजन सिंह के नाम प्रमुख हैं। हालांकि, इन सभी की उपस्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना अभी शेष है।

अनंत सिंह की बेटी के विवाह को लेकर क्षेत्र भर में भारी उत्सुकता है और सभी की निगाहें 25 नवंबर को होने वाले इस भव्य आयोजन पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें- शादी के बाद अमेरिका शिफ्ट होंगी अनंत सिंह की बेटी शिवांगी, स्वागत के लिए बिहटा में बना 2 कट्ठे का मकान

यह भी पढ़ें- दामाद को Defender गिफ्ट करने वाले Anant Singh कितने अमीर? हैरान कर देगी पत्नी की नेटवर्थ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।