विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनंत सिंह की बेटी की शादी में क‍िसकी नो एंट्री? 'छोटे सरकार' बोले- लालू और तेजस्वी को भी न्योता देने जाएंगे

Published: Fri, 06 Nov 2026 10:40 AM (IST)

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी की तैयारियां चल रही हैं, जिसमें लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी ...और पढ़ें

HighLights

  1. मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी की तैयारियां।

  2. लालू-तेजस्वी को न्योता, पर नीरज कुमार को नहीं बुलाएंगे।

  3. शादी के बाद अनंत सिंह को करना होगा आत्मसमर्पण।

डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों बेटी की शाही शादी की तैयारियां चल रही हैं।

25 नवंबर को होने वाली शादी में मेहमानों की सूची से लेकर भव्य आयोजन तक की चर्चा है। विशाल पंडाल, सेलिब्रिटियों को निमंत्रण, घुड़दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी है।

लेकिन इस खुशी के मौके पर भी सियासी रिश्तों की तल्खी सामने आ गई है। अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि बेटी की शादी में वे राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी निमंत्रण देंगे।

उनका कहना है कि राजनीति अपनी जगह है और रिश्तेदारी अपनी जगह। हालांकि, जदयू एमएलसी नीरज कुमार को वे शादी का कार्ड नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि सबको न्योता देंगे, लेकिन नीरजा को नहीं बुलाएंगे।

लालू-तेजस्वी से रिश्तेदारी, नीरज कुमार से दूरी

शुक्रवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने शादी के निमंत्रण को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बेटी की शादी है, इसलिए सभी लोगों को कार्ड देंगे। 

उनका यह बयान इसलिए भी चर्चा में है कि राजनीतिक मतभेद के बावजूद वे राजद के शीर्ष नेताओं को पारिवारिक समारोह में बुलाने जा रहे हैं।

दूसरी ओर, जदयू एमएलसी नीरज कुमार को निमंत्रण नहीं देने की बात कहकर उन्होंने अपनी नाराजगी भी जाहिर कर दी।

शाही शादी के बाद करना होगा आत्मसमर्पण

बेटी की शादी की खुशियों के बीच अनंत सिंह के सामने आत्मसमर्पण की समयसीमा भी है। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें चार दिसंबर तक आत्मसमर्पण करने का समय दिया है।

इस पर उन्होंने कहा कि मीडिया ने कोर्ट के आदेश को गलत तरीके से प्रस्तुत किया था। अदालत ने चार दिसंबर तक का ही समय दिया था, लेकिन खबरों में इसे एक दिसंबर बताया गया।

सदस्यता समाप्त करने के नोटिस पर बाद में देंगे जवाब

अनंत सिंह को विधानसभा की सदस्यता समाप्त करने संबंधी नोटिस भी मिला है। इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पहले अपना काम करेंगे, उसके बाद जवाब देंगे।

फिलहाल उनका ध्यान बेटी की शादी और दूसरे जरूरी कामों पर है। शुक्रवार को वे अपने मित्र पप्पू सलमान के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए प्रयागराज रवाना हुए।

वहीं, जदयू की समीक्षा बैठक में नीतीश कुमार और निशांत कुमार के शामिल नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कुछ पता नहीं है।

यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी की शादी में सजेगी महफिल, 30 फीट का होगा जयमाला स्टेज; पवन सिंह, अक्षरा और सोनू सूद को न्योता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।