अनंत सिंह बेटी की शादी में PM मोदी को देंगे न्योता, 4 लाख मेहमानों के लिए बनेंगे 150 लजीज व्यंजन
मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की शादी की भव्य तैयारी में जुटे हैं, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई दिग्गज नेताओं को आमंत्रित किया जा रहा है।

अनंत सिंह और पीएम मोदी। (फाइल फोटो)
HighLights
विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की भव्य शादी।
प्रधानमंत्री मोदी सहित कई बड़े नेताओं को निमंत्रण।
चार लाख मेहमानों के लिए 150 व्यंजन तैयार।
डिजिटल डेस्क, पटना। Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा के विधायक बाहुबली अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की शादी समारोह को भव्य बनाने की तैयारियों में जुट गए हैं।
इस खास मौके पर उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करने का फैसला किया है।
विवाह का निमंत्रण पत्र दिखाते हुए उन्होंने बताया कि वह स्वयं जाकर अपने मित्रों, शुभचिंतकों और देश भर के प्रमुख गणमान्य लोगों को न्योता सौंपेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को पहले ही आमंत्रण दिया जा चुका है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सहित पक्ष-विपक्ष के कई दिग्गज राजनेताओं को भी न्योता भेजा गया है।
'चाहे हिंदुस्तान हो या पाकिस्तान, सभी का स्वागत'
समारोह में आने वाले अतिथियों को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि उनके दरवाजे हर किसी के लिए खुले हैं। उन्होंने कहा कि चाहे देश के किसी भी कोने से लोग आएं या फिर सीमा पार हिंदुस्तान-पाकिस्तान और दुनिया के किसी भी हिस्से से मेहमान पहुंचें, सबका पूरे दिल से सत्कार किया जाएगा।
उन्होंने दोनों हाथ जोड़कर अपील की कि उनके इस पारिवारिक मांगलिक उत्सव में बिना किसी भेदभाव के सभी लोग शामिल हों और वर-वधू को आशीर्वाद दें।
4 लाख लोगों की दावत और बनेंगे 150 लजीज व्यंजन
इस शाही शादी के लिए उनके पैतृक गांव में युद्धस्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं। आयोजन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, शादी में लगभग चार लाख लोगों के खान-पान की व्यवस्था की जा रही है।
अतिथियों की आवभगत के लिए पारंपरिक से लेकर आधुनिक किस्म के 150 से अधिक स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा दूर-दराज से आने वाले मेहमानों के ठहरने, सुरक्षा और आवागमन के लिए भी व्यापक स्तर पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।