विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस में भोजन के साथ शराब बेच रहा था वेंडर, विरोध करने पर यात्रियों को दी धमकी

Published: Tue, 11 Aug 2026 06:55 PM (IST)

बागमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एक वेंडर भोजन के साथ शराब बेचते हुए पकड़ा गया। यात्रियों के विरोध करने पर उसने ...और पढ़ें

बागमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस

बागमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस

HighLights

  1. वेंडर भोजन के साथ ट्रेन में शराब बेच रहा था।

  2. यात्रियों के विरोध पर वेंडर ने गाली-गलौज और धमकी दी।

  3. सतर्क यात्रियों ने वेंडर को पकड़कर पुलिस को सौंपा।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद ट्रेन के अंदर शराब बेचने का मामला सामने आया है। बागमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस की जनरल बोगी में भोजन और नाश्ता बेचने की आड़ में एक वेंडर शराब भी बेच रहा था। दो यात्रियों ने उसे शराब बेचते देख विरोध किया तो उसने कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी दी।

यात्रियों की सतर्कता से ट्रेन से उतरते ही उसे पकड़ लिया गया और पटना जंक्शन रेल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

नाश्ते के साथ शराब बेचता दिखा वेंडर

गिरफ्तार आरोपित की पहचान सद्दाम के रूप में हुई है, जो बेगूसराय का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वह बागमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस की जनरल बोगी में यात्रियों को नाश्ता-भोजन बेचने पहुंचा था।

इसी दौरान यात्रियों ने उसे शराब बेचते हुए देखा। मामला सामने आने के बाद बोगी में मौजूद यात्रियों के बीच भी हलचल मच गई।

यात्रियों ने विरोध किया तो देने लगा धमकी

मोतिहारी निवासी एक यात्री सात अगस्त को बेंगलुरु से पटना आने के लिए ट्रेन की जनरल बोगी में सवार हुए थे। नौ अगस्त की सुबह करीब साढ़े नौ बजे ट्रेन फुलवारीशरीफ स्टेशन पार कर रही थी, तभी वेंडर नाश्ता-भोजन बेचने पहुंचा। यात्री ने उसके पास शराब देखी और बगल में बैठे दूसरे यात्री के साथ मिलकर इसका विरोध किया।

‘बिहार में शराबबंदी है, फिर भी शराब बेच रहे हो’

दोनों यात्रियों ने वेंडर से कहा कि बिहार में शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद वह शराब क्यों बेच रहा है। आरोप है कि इस पर वेंडर भड़क गया और दोनों यात्रियों से गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने उन्हें धमकी भी दी। कुछ देर बाद वह ट्रेन से उतरकर जाने लगा।

ट्रेन से उतरते ही यात्रियों ने दबोचा

वेंडर के ट्रेन से उतरने के बाद दोनों यात्रियों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे पटना जंक्शन रेल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो प्लास्टिक के कंटेनर और लाल रंग के थैले से शराब बरामद हुई। शराब को जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।

शराब कहां से मिली, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित के पास शराब कहां से पहुंची। इसके अलावा उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह के जुड़े होने की भी जांच की जा रही है।

रेल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है कि ट्रेन में शराब पहुंचाने और बेचने का नेटवर्क कितना बड़ा है।

यात्रियों की सतर्कता से खुला मामला

ट्रेन में शराब बेचने की घटना यात्रियों की सतर्कता के कारण सामने आई। यदि दोनों यात्रियों ने विरोध नहीं किया होता तो आरोपित शराब लेकर आगे निकल सकता था।

रेल थाना पुलिस अब जब्त शराब और आरोपित से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।