Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दारोगा जी नहीं, अब डीएसपी साहिबा; बख्तियारपुर थाने की SI कृष्णा कुमारी ने BPSC में लहराया परचम

    Updated: Sun, 21 Jun 2026 01:51 PM (GMT+05:30)

    बख्तियारपुर थाने की सब इंस्पेक्टर कृष्णा कुमारी ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर डीएसपी का पद प्राप्त किया है। पुलिस सेवा की व्यस्तताओं के ...और पढ़ें

    बख्‍त‍ियारपुर थाने में पोस्‍टेड दारोगा कृष्‍णा कुमारी। फाइल

    बख्‍त‍ियारपुर थाने में पोस्‍टेड दारोगा कृष्‍णा कुमारी। फाइल

    HighLights

    1. बख्तियारपुर की एसआई कृष्णा कुमारी बनीं डीएसपी।

    2. 70वीं बीपीएससी परीक्षा में हासिल की बड़ी सफलता।

    3. पुलिस सेवा के साथ तैयारी कर बनीं प्रेरणा।

    संवाद सूत्र, बख्तियारपुर (पटना)। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के परिणाम में बख्तियारपुर थाना की सब इंस्पेक्टर (एसआई) कृष्णा कुमारी ने सफलता हासिल कर मिसाल कायम की है।

    पुलिस सेवा की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने न केवल परीक्षा उत्तीर्ण की, बल्कि सीधे दो पदों की छलांग लगाकर अपने सपनों को साकार किया। वे डीएसपी पद के लिए चयन‍ित हुई हैं। 

    2022 बैच की दारोगा हैं कृष्‍णा 

    2022 बैच की दारोगा कृष्णा कुमारी वर्तमान में बख्तियारपुर थाना में कार्यरत हैं। परिणाम घोषित होने के बाद उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दिया।

    उन्होंने कहा कि नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी आसान नहीं थी, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार प्रयास ने उन्हें सफलता दिलाई।

    कृष्णा कुमारी ने बताया कि यह उनकी तीसरी कोशिश थी। इससे पहले दो बार उन्होंने बीपीएससी परीक्षा दी थी, लेकिन मामूली अंतर से सफलता हासिल नहीं कर सकीं।

    हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और पुलिस सेवा के दौरान मिले सीमित समय का बेहतर उपयोग करते हुए अपनी तैयारी जारी रखी। आखिरकार तीसरे प्रयास में उन्हें सफलता मिल गई।

    मधुबनी जिले के क‍िसान परिवार की हैं 

    मूल रूप से मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड के एक किसान परिवार से आने वाली कृष्णा कुमारी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं।

    उनका एक भाई भारतीय सेना में कार्यरत है, जबकि सबसे छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर उन्होंने यह साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इरादों के सामने बाधा नहीं बन सकतीं।

    आम लोगों के लिए बेहतर करने की इच्‍छा 

    कृष्णा ने कहा कि पुलिस सेवा के दौरान लोगों की समस्याओं को करीब से समझने और प्रशासनिक कार्यों का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।

    यही अनुभव आगे नई जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि उनका सबसे बड़ा उद्देश्य आम लोगों के लिए बेहतर तरीके से काम करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है।

    उल्लेखनीय है कि बख्तियारपुर थाना में पदस्थापना से पहले कृष्णा कुमारी धनरुआ थाना में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उनकी सफलता से पुलिस विभाग के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और युवा अभ्यर्थियों को भी उनसे प्रेरणा मिल रही है।

    यह भी पढ़ें- दिन-रात पढ़ाई नहीं, स्मार्ट स्टडी से मिली सफलता; BPSC टॉपर्स ने साझा की कामयाबी की रणनीत‍ि

    यह भी पढ़ें- गया के ट्रक चालक की बेटी ने रचा इतिहास; सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर बनीं BPSC अफसर

    यह भी पढ़ें- ज्योति और आस्था ने बढ़ाया सिवान का मान; BPSC से बनीं RDO, चयन से गांव में जश्न