पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर सीट पर उपचुनाव का एलान; 6 जुलाई से शुरू हो जाएगा नामांकन
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है, जिसमें 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी। नितिन नवीन के इस्तीफे से य ...और पढ़ें

भारत निर्वाचन आयोग ने घोषित किया उपचुनाव का कार्यक्रम।
HighLights
उपचुनाव की तारीखें घोषित, 30 जुलाई को मतदान।
3 अगस्त को होगी मतगणना, परिणाम उसी दिन।
भाजपा, राजद और प्रशांत किशोर की बढ़ी सक्रियता।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार की हाई-प्रोफाइल 182-बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का एलान हो गया है।
भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया। इसके अनुसार इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थी। अब निर्वाचन आयोग की अधिसूचना जारी होने के साथ ही इस सीट पर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।
6 जुलाई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार उपचुनाव की अधिसूचना 6 जुलाई को जारी की जाएगी। इसी दिन से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होगी, जबकि 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।
इसके बाद चुनाव प्रचार जोर पकड़ेगा और 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा। मतों की गणना 3 अगस्त को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
भाजपा और राजद ने अभी नहीं खोले पत्ते
उपचुनाव की तारीखों की घोषणा के बावजूद प्रमुख राजनीतिक दलों ने अभी अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान नहीं किया है।
भाजपा के सामने अपनी परंपरागत सीट बचाने की चुनौती होगी, जबकि राजद इस सीट पर जीत दर्ज कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश करेगा।
हालांकि, राजद से अलग हो चुके तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी की ओर से वीणा मानवी को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इससे चुनावी मुकाबले में नया समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।
प्रशांत किशोर की सक्रियता भी बढ़ी
उधर, जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी बांकीपुर उपचुनाव को लेकर लगातार सक्रिय हैं। वह क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और लोगों से भाजपा के खिलाफ मतदान करने की अपील कर रहे हैं।
समझा जा रहा है कि वे उपचुनाव में उतरेंगे। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है।
प्रतिष्ठा का चुनाव बनेगा बांकीपुर
राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में इस उपचुनाव को सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि आगामी राजनीतिक समीकरणों की परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है।
भाजपा, राजद, जनसुराज और अन्य दलों की रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद चुनावी मुकाबला और रोचक होने की संभावना है।