विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bata से Reliance तक... बिहार के इस पार्क पर क्यों टिकी उद्योग जगत की नजर? निवेश को लेकर बढ़ी हलचल

Published: Tue, 22 Sep 2026 08:25 PM (IST)

बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित मेगा लेदर, फुटवियर एंड एक्सेसरीज पार्क में निवेश की संभावनाओं को लेकर उद्योग जगत ने रुचि ...और पढ़ें

बिहार में निवेश पर हुई सीधी चर्चा

बिहार में निवेश पर हुई सीधी चर्चा

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर के महवल पार्क में निवेश की संभावनाएं तलाशी गईं।

  2. उद्योग प्रतिनिधियों ने पार्क की आधारभूत संरचना की सराहना की।

  3. बिहार में लेदर-फुटवियर सेक्टर का मजबूत इकोसिस्टम बनेगा।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में लेदर और फुटवियर उद्योग को नई रफ्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। मुजफ्फरपुर के महवल स्थित मेगा लेदर, फुटवियर एंड एक्सेसरीज पार्क में निवेश की संभावनाएं तलाशने के लिए उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का दल पहुंचा।

पार्क का जायजा लेने के बाद उद्योग प्रतिनिधियों ने यहां उपलब्ध आधारभूत संरचना और निवेश की संभावनाओं पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

उद्योग विभाग की ओर से उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह की अध्यक्षता में FDDI, IFCOMA और प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ राउंडटेबल बैठक भी हुई।

बैठक में बिहार में लेदर एवं फुटवियर सेक्टर के लिए मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम तैयार करने और निवेश बढ़ाने पर चर्चा हुई।

महवल पार्क में क्या है खास, क्यों पहुंचा उद्योग जगत?

राउंडटेबल बैठक से पहले उद्योग प्रतिनिधियों ने महवल औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने मेगा लेदर, फुटवियर एंड एक्सेसरीज पार्क में उपलब्ध सुविधाओं और औद्योगिक संभावनाओं को करीब से देखा।

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि सरकार का प्रयास ऐसा इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां उद्योग आसानी से स्थापित हों, सुगमता से संचालित हों और अपने कारोबार का विस्तार कर सकें।

उनके अनुसार, यह पार्क मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर है।

बड़े ब्रांडों की मौजूदगी, निवेश पर हुई सीधी चर्चा

बैठक में Reliance, Bata, Aqualite Footwear, ABC Leathers, Competence Exports और Soleworks Footwear सहित लेदर एवं फुटवियर क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

चर्चा में विनिर्माण, कुशल मानव संसाधन, सप्लाई चेन और बिहार में लेदर-फुटवियर सेक्टर का मजबूत इकोसिस्टम विकसित करने के मुद्दे प्रमुख रहे। इससे पार्क में आगे निवेश और विस्तार की संभावनाओं को लेकर उद्योग जगत की रुचि का संकेत मिला।

FDDI ने भी माना- बिहार में बड़ी संभावनाएं

FDDI के प्रबंध निदेशक विवेक शर्मा ने महवल में विकसित हो रहे औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर और उपलब्ध सुविधाओं पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि पर्याप्त औद्योगिक भूमि और फुटवियर उद्योग के लिए संपूर्ण इकोसिस्टम विकसित करने की संभावनाएं बिहार को इस क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बनाती हैं।

उनके अनुसार, महवल का दौरा बिहार में विकसित हो रहे औद्योगिक ढांचे को समझने का अवसर रहा। यहां फुटवियर उद्योग से जुड़े निवेश के लिए संभावनाएं दिखाई देती हैं।

IFCOMA बोला- फुटवियर कंपोनेंट्स का हब बन सकता है बिहार

IFCOMA के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि महवल में उपलब्ध औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर को देखकर बिहार में मौजूद संभावनाओं को समझने का अच्छा अवसर मिला।

उनके मुताबिक, फुटवियर एवं कंपोनेंट्स के विनिर्माण के लिए बिहार महत्वपूर्ण हब के रूप में विकसित होने की क्षमता रखता है।

उन्होंने यहां निवेश और विस्तार की संभावनाओं को लेकर रुचि व्यक्त की और इसे आगे बढ़ाने की बात कही।

सरकार का फोकस- उद्योग के साथ रोजगार का भी विस्तार

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार बड़े पैमाने पर मैन्युफैक्चरिंग के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और नीतिगत इकोसिस्टम को लगातार मजबूत कर रहा है।

उनके अनुसार, महवल का पार्क एक समर्पित औद्योगिक क्षेत्र उपलब्ध कराता है, जहां लेदर और फुटवियर सेक्टर का एकीकृत इकोसिस्टम विकसित किया जा सकता है।

राउंडटेबल बैठक में बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार, उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता, संयुक्त सचिव खंडेकर श्रीकांत कुंडलिक समेत FDDI और IFCOMA के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

निवेश आया तो बदल सकती है मुजफ्फरपुर की औद्योगिक तस्वीर

उद्योग प्रतिनिधिमंडल की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद महवल पार्क में आगे निवेश और विस्तार की संभावनाओं पर नजर है। यदि कंपनियां यहां उत्पादन इकाइयां स्थापित करती हैं तो लेदर, फुटवियर, कंपोनेंट्स और सप्लाई चेन से जुड़े उद्योगों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

सरकार का लक्ष्य इस सेक्टर के लिए ऐसा इकोसिस्टम तैयार करना है, जिसमें मैन्युफैक्चरिंग के साथ कुशल मानव संसाधन और रोजगार के अवसर भी विकसित हों। ऐसे में महवल का मेगा पार्क बिहार के औद्योगिक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।