Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भोजपुर में Thar से चलने वाला ऑफिस अटेंडेंट निकला करोड़पति, आय से 253% अधिक संपत्ति; 3 ठिकानों पर छापा

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 07:47 PM (GMT+05:30)

    निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भोजपुर के कार्यालय परिचारी शिवानंद कुमार सिंह के ठिकानों पर छापा मारा। छापेमारी में 1.11 करोड़ से अधिक की 34 अचल संपत्तियां ...और पढ़ें

    भोजपुर में Thar से चलने वाला ऑफिस अटेंडेंट निकला करोड़पति (AI Generated Image)

    भोजपुर में Thar से चलने वाला ऑफिस अटेंडेंट निकला करोड़पति (AI Generated Image)

    HighLights

    1. कार्यालय परिचारी शिवानंद सिंह के ठिकानों पर निगरानी छापा।

    2. एक करोड़ 11 लाख की 34 अचल संपत्ति उजागर।

    3. महिंद्रा थार सहित तीन वाहन भी बरामद हुए।

    राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भोजपुर जिले के गड़हनी प्रखंड के पशु चिकित्सालय के कार्यालय परिचारी (ऑफिस अटेंडेंट) शिवानंद कुमार सिंह के तीन ठिकानों पर छापामारी की है।

    इसमें साधारण सरकारी कर्मी और उसकी पत्नी चांदनी सिंह के नाम पर एक करोड़ 11 लाख से अधिक मूल्य की 34 अचल संपत्ति मिली है।

    वहीं, 17 लाख 24 हजार रुपये के तीन वाहन मिले हैं, जिसमें एक महिंद्रा थार भी शामिल है। निगरानी के अधिकारियों के अनुसार, कार्यालय परिचारी के विरुद्ध एक करोड़ छह लाख 62 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का कांड दर्ज किया गया है। यह उनकी कुल ज्ञात आय से करीब 253 प्रतिशत अधिक है।

    निगरानी की टीम ने बुधवार को कोर्ट से सर्च वारंट लेकर शिवानंद के भोजपुर के आवास, घर एवं कार्यालय की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 15 जमीन खरीद के डीड, 12 जमीन बिक्री के डीड और तीन जमीन एग्रीमेंट के कागजात पाए गए। इसके अलावा एक मोरगेज डीड के कागजात भी मिले हैं।

    कर्मी के पांच बैंक अकाउंट हैं, जिनमें 68 हजार 233 रुपये जमा मिले हैं। इसके अलावा महिंद्रा थार गाड़ी और दो मोटरसाइकिल भी मिली है। छापामारी में मिले जमीन के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।

    इस मामले में आरोपित को नोटिस देकर पूछताछ के लिए भी बुलाया जाएगा। आरोपित कार्यालय परिचारी शिवानंद कुमार सिंह मूल रूप से भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अलीपुर का रहने वाला है।

    छापामारी में बरामद संपत्ति:

    15 जमीन क्रय के डीड
    12 जमीन विक्रय के डीड
    03 जमीन के एग्रीमेंट पेपर
    01 मोरगेज डीड के कागज
    68 हजार रुपये बैंक खातों में