211 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में 15 जुलाई से शुरू होगी स्नातक की पढ़ाई, CM सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन
राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में 15 जुलाई से स्नातक की पढ़ाई शुरू होगी, जिसके लिए शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति पूरी हो चुकी है। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
15 जुलाई से 211 राजकीय डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई।
पहले सत्र में छह विषयों की होगी शुरुआत।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर में करेंगे उद्घाटन।
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य में नवस्थापित 211 राजकीय डिग्री कॉलेजों में 15 जुलाई से स्नातक की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी पूरी हो चुकी है।
पहले शैक्षिक सत्र 2026-30 में जिन छह विषयों में स्नातक की पढ़ाई शुरू होगी, उनमें संबंधित विश्वविद्यालयों द्वारा शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का कार्य पूरा हो चुका है। प्रतिनियुक्ति के आधार पर प्रधानाचार्यों की तैनाती संबंधित विश्वविद्यालयों द्वारा पहले ही की जा चुकी है। पहले शैक्षणिक सत्र का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे।
उच्च शिक्षा विभाग के मुताबिक राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पढ़ाई शुरू कराने की सारी तैयारियां अंतिम दौर में है। नये सत्र का उद्घाटन का मुख्य समारोह भागलपुर में आयोजित होगा।
इसका प्रस्ताव मुख्यमंत्री सचिवालय को भेजा गया है। इसके मद्देनजर संबंधित विश्वविद्यालयों द्वारा सभी नये कॉलेजों में पहले शैक्षिक सत्र की पढ़ाई शुरू करने को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पहले सत्र में 6 विषयों की होगी पढ़ाई
पहले सत्र 2026-30 में जिन छह विषयों की पढ़ाई शुरू होगी, उनमें अंग्रेजी, हिन्दी, इतिहास, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र एवं समाजशास्त्र शामिल हैं। ये सभी बिना प्रायोगिक कक्षा वाले विषय हैं।
अपना भवन एवं परिसर बनने तक सभी 211 नये राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का संचालन प्लसटू स्कूलों एवं बुनियादी विद्यालयों में होगा। एक कॉलेज टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के भवन में चलेंगे। सभी कॉलेजों में संसाधन उपलब्ध कराये जा चुके हैं।
इसके लिए प्रत्येक कॉलेज पर 50 लाख रुपये दिए गए थे। बाद में इन कॉलेजों में आर्ट्स, साइंस एवं कॉमर्स के 16 विषयों की पढ़ाई होगी। जिन 16 विषयों की पढ़ाई होगी, उनमें से 15 विषयों में दो-दो शिक्षक होंगे।
16वां विषय वोकेशनल के रूप में होगा, जिसमें एक ही शिक्षक होंगे। हर नये डिग्री कॉलेज के लिए में शिक्षक एवं कर्मचारी के 44 पद सृजित हैं। इनमें प्रधानाचार्य सहित 32 सहायक प्राध्यापक एवं 12 कर्मचारी होंगे।
यह भी पढ़ें- बिहार के 4 शहरों में बनेंगे ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप, भूमि अधिग्रहण से पहले होगा सोशल इंपैक्ट एसेसमेंट