Bihar Teacher Transfer: बिहार में 26 जिलों के 42000 सरप्लस शिक्षकों का ट्रांसफर, सबको मिला मनपसंद स्कूल
बिहार में 26 जिलों के लगभग 42 हजार सरप्लस शिक्षकों का स्थानांतरण किया गया है, जिसमें शिक्षकों को उनके दिए गए विकल्प वाले विद्यालय मिले हैं।

बिहार में 42 हजार सरप्लस शिक्षकों का समायोजन, मिली पसंद की पोस्टिंग (AI Generated Image)
HighLights
26 जिलों में 42 हजार सरप्लस शिक्षकों का स्थानांतरण।
शिक्षकों को मिले उनके विकल्प वाले पसंदीदा विद्यालय।
औपबंधिक सूची पर अब ऑनलाइन आपत्तियां ली जाएंगी।
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य में 26 जिलों के तकरीबन 42 हजार सरप्लस शिक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। जिन शिक्षकों के समायोजन के लिए स्थानांतरण हुआ है, उन सभी शिक्षकों को उनके द्वारा दिए गए विकल्प (आप्शन) वाले विद्यालय ही मिले हैं।
औपबंधिक सूची में शामिल सरप्लस शिक्षकों से अब ऑनलाइन आपत्तियां ली जाएंगी। आपत्तियों की जांच और उसके निराकरण के बाद अंतिम सूची जारी होगी। बुधवार को शिक्षा विभाग की
ओर से सरप्लस शिक्षकों के समायोजन के लिए उनके स्थानांतरण की औपबंधिक सूची जारी की गई। अब पटना समेत 12 जिले बच गए हैं, जिनके सरप्लस शिक्षकों के समायोजन के लिए स्थानांतरण की औपबंधिक सूची भी जल्द जारी करने की तैयारी है।
17 सितंबर से सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन लिए जाएंगे। 31 अक्टूबर तक स्थानांतरण से जुड़े सभी मामलों का निष्पादन करने की शिक्षा विभाग ने तैयारी की है।
शिक्षा विभाग के मुताबिक, समायोजन के लिए प्रत्येक सरप्लस शिक्षक से 30 विद्यालयों के विकल्प मांगे गए थे। सरकारी विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों की संख्या तकरीबन एक लाख दो हजार है। इनमें पहली से पांचवीं, छठी से आठवीं, नौवीं-10वीं एवं 11वीं-12वीं कक्षा के शिक्षक शामिल हैं।
स्थानांतरण के पहले चरण में सरप्लस शिक्षकों के साथ ही पारस्परिक स्थानांतरण के लिए भी शिक्षकों से आवेदन लिए गए थे।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने 28 अगस्त को ही कहा था कि सरप्लस शिक्षकों में से 71,151 शिक्षकों ने समायोजन हेतु स्थानांतरण के लिए ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया। उनमें तकरीबन 37 हजार शिक्षकों को उनके पहले से पांचवें विकल्प तक के मनपसंद स्कूल मिल गए। इनमें अधिकांश महिला शिक्षक हैं।
