'कल मेरी हत्या हो सकती थी', बीजेपी विधायक का आरोप- विपक्ष ने हमले का प्रयास किया
नीट परीक्षा में धांधली को लेकर पटना में हुए छात्र प्रदर्शन पर बिहार विधानमंडल में हंगामा हुआ। भाजपा विधायक श्याम ...और पढ़ें

बीजेपी विधायक श्याम बाबू
HighLights
नीट प्रदर्शन पर बिहार विधानसभा में भारी हंगामा।
भाजपा विधायक श्याम बाबू की गाड़ी पर पथराव का आरोप।
सदन में विपक्ष पर हमले के प्रयास का दावा।
डिजिटल डेस्क, पटना। नीट परीक्षा में हुए धांधली को लेकर राजधानी पटना में हुए छात्रों के प्रदर्शन के मुद्दे को लेकर बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र के चौथे दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान भाजपा विधायक श्याम बाबू प्रसाद यादव ने आरोप लगाया कि छात्रों के प्रदर्शन के दौरान डाकबंगला चौराहे पर उनकी गाड़ी पर असामाजिक तत्वों ने पथराव किया।
उन्होंने कहा कि छात्रों के प्रदर्शन की आड़ में राजनीतिक दलों से जुड़े आपराधिक प्रवृत्ति के लोग शामिल थे। इस बयान का विपक्षी सदस्यों ने विरोध किया और वे सदन के बीचो बीच आकर हंगामा करने लगे।
सदन की कार्यवाही भोजनावकाश तक के लिए स्थगित
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सदस्यों से शांत रहने और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहने पर सदन की कार्यवाही भोजनावकाश तक के लिए स्थगित कर दी गई।
बीजेपी विधायक श्याम बाबू ने आरोप लगाया कि विपक्षी विधायकों ने उन पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने कहा, "कल के प्रदर्शन में मेरी हत्या हो सकती थी। ईश्वर की कृपा से मैं बच गया। विधानसभा में मैं अपनी बात रख रहा था, तभी विपक्ष के विधायकों ने मुझ पर हमला करने का प्रयास किया।"
विनय बिहारी पर हुआ था हमला
बता दें कि इससे पहले बुधवार को पटना में NEET पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने भाजपा विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर हमला कर दिया। इस दौरान एक भाजपा नेता की पिटाई का भी मामला सामने आया।
विधायक विनय बिहारी ने बुधवार को सदन में इस घटना का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा आते समय उनकी गाड़ी को निशाना बनाया गया और तोड़फोड़ की गई। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा का गंभीर मुद्दा बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
