Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार बंद : पटना में तेज प्रताप समेत कई हिरासत में, औरंगाबाद-छपरा में हिंसक झड़प, आरा-जंदाहा में हाईवे जाम

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 02:11 PM (IST)

    नीट पेपर लीक और छात्र आंदोलन पर लाठीचार्ज के विरोध में बिहार बंद का असर कई जिलों में दिखा। पटना में डाकबंगला चौराहे पर लाठीचार्ज हुआ और 21 प्रदर्शनकार ...और पढ़ें

    HighLights

    1. पटना में डाकबंगला चौराहे पर पुलिस का लाठीचार्ज।

    2. बिहार बंद के दौरान 21 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए।

    3. भोजपुर और जगदीशपुर में प्रमुख राजमार्गों पर जाम।

    जागरण टीम, पटना। नीट पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में छात्र संगठनों के आह्वान पर शनिवार को बिहार बंद किया है। 

    पटना, सिवान और सारण समेत कई जिलों में प्रदर्शनकारियों ने हिंसक प्रदर्शन किया। पुलिस से भी झड़प हुई है। पुलिस ने लाठीचार्ज भी क‍िया। तेज प्रताप यादव समेत कई प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए हैं। 

    सड़क जाम कर आइसा और इनौस के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। जगह-जगह सड़क जाम किया गया है।  पटना में सुबह से ही पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही।

    Lathicharge

    (पटना के डाकबंगला चौराहे पर बंद समर्थकों पर लाठीचार्ज।)

     शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, शैक्षणिक संस्थानों और संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। पटना के डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है।  

     सुबह से अब तक गांधी मैदान थाना क्षेत्र से 17 तथा कोतवाली थाना क्षेत्र से चार प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।

    जेपी गोलंबर पहुंचते ही छात्रों को रोका

    बिहार बंद के दौरान जैसे ही छात्र जेपी गोलंबर पर प्रदर्शन के लिए जुटने लगे, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।

    पटना यूनिवर्सिटी की घेराबंदी

    बंद को देखते हुए पटना यूनिवर्सिटी परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई। एसएसबी के जवानों ने विश्वविद्यालय क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी है।

    विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वारों और छात्रावासों के आसपास भी अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

    संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग

    राजधानी में डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, करगिल चौक, कोतवाली टी-प्वाइंट, इनकम टैक्स चौराहा, वीरचंद पटेल पथ, हाईकोर्ट, अशोक राजपथ, राजवंशी नगर मोड़, आशियाना और मुख्यमंत्री आवास के आसपास पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। वज्र वाहन, दंगा नियंत्रण बल और अतिरिक्त पुलिस बल को भी रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है।


    Ara 2

    (आरा में प्रदर्शन करते आइसा कार्यकर्ता।)

    Arwal

    (अरवल में प्रदर्शन करते बंद समर्थक।)

    आरा-सासाराम हाईवे को किया जाम

    दूसरी ओर भोजपुर जिले के गड़हनी में शनिवार को इंकलाबी नौजवान सभा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफा समेत विभिन्न मांगों को लेकर आरा-सासाराम मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है।

    प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

    जगदीशपुर में छात्रों का प्रदर्शन, बिहिया-बिहटा हाईवे जाम

    जगदीशपुर नया टोला मोड़ स्थित ओवरब्रिज के नीचे शनिवार को छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर बिहिया-बिहटा हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया।

    प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ।

    सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

    Gaya

    (गया में प्रदर्शन करते बंद समर्थक।)

    बंद का गयाजी में अब तक नहीं दिखा असर, ट्रेनों का परिचालन सामान्य

    बंद का शनिवार सुबह तक कोई खास असर नहीं दिखा। बंद समर्थक अब तक सड़कों पर नहीं उतरे हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

    इधर, गया जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। रेलवे परिसर और प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

    गया से पटना, क्यूल, धनबाद तथा डीडीयू मंडल की ओर जाने वाली पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी है। फिलहाल बंद समर्थकों के रेलवे परिसर में पहुंचने की कोई सूचना नहीं है।

    Hajpur

    (हाजीपुर में तैनात पुलिस के पदाधिकारी व जवान।)

    हाजीपुर में मजिस्ट्रेट संग पुलिस बल तैनात

    बिहार बंद को लेकर वैशाली जिला प्रशासन अलर्ट पर है। पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देशानुसार शनिवार की सुबह से ही हाजीपुर शहर समेत जिले के संवेदनशील इलाकों में मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।

    खबरें और भी

    शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर कड़ी निगरानी सदर एसडीओ राम बाबू बैठा और सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सुबह से ही शहर का निरीक्षण शुरू किया।

    Hajipur

    (हाजीपुर समाहरणालय के समक्ष डटे पुलिस-प्रशासन के अधिकारी व जवान।

    गांधी चौक, रामाशीष चौक, पासवान चौक, महात्मा गांधी सेतु जढुआ और इसके आसपास का क्षेत्र जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है। 

    एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न संगठनों द्वारा बिहार बंद का आह्वान किया गया था। एहतियात के तौर पर शहर और महात्मा गांधी सेतु के महत्वपूर्ण पॉइंट्स पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

    Aurangabad

    (औरंगाबाद शहर के रमेश चौक पर बंद को लेकर तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिसकर्मी।)

    बगूसराय में नहीं दिख रहा बंद का असर 

    begusarai

    (बेगूसराय के पावर हाउस रोड में तैनात पुलिसकर्मी।)

    बेगूसराय प्रशासन ने अपील की है कि परीक्षा से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संबंधित सक्षम प्राधिकारी के समक्ष रखें तथा किसी भी प्रकार की हिंसा, तोड़फोड़ या कानून हाथ में लेने से बचें।

    प्रशासन ने सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें।

    प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सड़क जाम करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों की पहचान निगरानी कैमरों, मानवरहित उड़न यंत्र (ड्रोन) से की जाने वाली निगरानी तथा चलचित्रांकन के माध्यम से की जाएगी।

    25 जुलाई से अगले आदेश तक संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अभिभावकों से भी अपने बच्चों को किसी भी प्रकार के हिंसक प्रदर्शन, उपद्रव अथवा भड़काऊ गतिविधियों से दूर रखने की अपील की गई है।

    प्रशासन ने कहा है कि छात्रों का भविष्य और शिक्षा सर्वोपरि है तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

    औरंगाबाद में पुलिस से प्रदर्शनकारियों की झड़प हो गई। पथराव के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। स्‍थ‍िति‍ तनावपूर्ण बनी हुई है।