बिहार की बेटियों के लिए बड़ा एलान, PhD करने वाली 1000 छात्राओं को हर महीने मिलेंगे 10 हजार
बिहार सरकार सभी विश्वविद्यालयों में मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना लागू करने की तैयारी में है। इसके तहत 1000 छात्राओं ...और पढ़ें

छात्राओं को मिलेगा योजना का लाभ
HighLights
मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना बिहार में होगी लागू।
1000 छात्राओं को पीएचडी के लिए 10,000 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
उच्च शिक्षा और शोध में छात्राओं की भागीदारी बढ़ेगी।
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना लागू करने की तैयारी पूरी हो गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने योजना का प्रस्ताव तैयार कर लिया है और इस पर वित्त विभाग की सहमति भी मिल चुकी है। अब प्रस्ताव को कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद योजना को लागू करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
55 करोड़ रुपये का रखा गया है प्रविधान
मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना के लिए 55 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। योजना के तहत चयनित छात्राओं को प्रतिमाह 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
यह राशि चार वर्षों तक प्रदान की जाएगी। इस तरह एक छात्रा को चार साल में कुल 4.80 लाख रुपये की सहायता मिलेगी।
एक हजार छात्राओं को मिलेगा योजना का लाभ
योजना के तहत एक हजार चयनित छात्राओं को हर महीने 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव है। छात्राओं का चयन विशेषज्ञों की कमेटी के माध्यम से किया जाएगा। योजना का उद्देश्य उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में छात्राओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है।
PhD की प्रगति की होगी नियमित निगरानी
फेलोशिप की राशि जारी करने के लिए चयनित छात्राओं के शोध कार्य की प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी। प्रगति की समीक्षा के बाद ही अगली किस्त जारी करने की स्वीकृति दी जाएगी। इससे योजना के तहत शोध कार्य को तय मानकों के अनुसार आगे बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।
केंद्रीय विश्वविद्यालयों की फेलोशिप से ज्यादा होगी राशि
योजना में चयनित छात्राओं को हर महीने 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। यह राशि केंद्रीय विश्वविद्यालयों में पीएचडी के लिए मिलने वाली 9 हजार रुपये प्रतिमाह की राशि से अधिक है।
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, योजना लागू होने से बिहार में छात्राओं को शोध के लिए अतिरिक्त आर्थिक प्रोत्साहन मिलेगा।
अगस्त में हुई थी योजना लागू करने की घोषणा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अगस्त में मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना लागू करने की घोषणा की थी। अब उच्च शिक्षा विभाग की ओर से प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और वित्त विभाग की सहमति भी मिल चुकी है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद योजना को राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में लागू किया जाएगा।
