Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में दियारा क्षेत्र के लिए फ्री स्टीमर फेरी सेवा शुरू, व्यापारिक गतिविधियां होंगी तेज

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 05:44 PM (GMT+05:30)

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दानापुर के नासरीगंज-पानापुर के बीच निःशुल्क स्टीमर सेवा का शुभारंभ किया, जिससे दियारा के सात पंचायतों के लोगों को सुरक्षित ...और पढ़ें

    दानापुर निशुल्क फेरी सेवा को झंडा दिखाकर रवाना करते मुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री एवं सहकारिता मंत्री। फोटो जागरण

    दानापुर निशुल्क फेरी सेवा को झंडा दिखाकर रवाना करते मुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री एवं सहकारिता मंत्री। फोटो जागरण

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निःशुल्क स्टीमर सेवा का शुभारंभ किया।

    2. दानापुर के नासरीगंज-पानापुर के बीच चलेगी यह फेरी।

    3. सात पंचायतों के लोगों को सुरक्षित आवागमन में मिलेगी मदद।

    संवाद सहयोगी, दानापुर। दियारा के सात पंचायत के अब नौका का उपयोग नहीं करना होगा। लोग सुरक्षित एवं निःशुल्क स्टीमर (फेरी) परिचालन सेवा से आवागमन कर सकेंगे।

    मंगलवार को नासरीगंज फक्कड़ महतो घाट से इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने संयुक्त रूप से किया।

    मुख्यमंत्री ने निःशुल्क स्टीमर (फेरी) परिचालन सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री स्टीमर का निरीक्षण किया एवं स्टीमर पर सवार लोगों से बातचीत की।

    मुख्यमंत्री ने कहा नासरीगंज-पानापुर स्टीमर फेरी सेवा से दियारावासियो के लिए आवागमन काफी सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

    आर्थिक गतिविधियां होंगी तेज

    यह स्टीमर फेरी सेवा पूरी तरह निःशुल्क है। स्टीमर फेरी सेवा के शुरु होने से दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र के लोगों को गंगा पार आवागमन में काफी सहूलियत होगी। साथ ही क्षेत्र में फेरी सेवा का लाभ दियारा क्षेत्र के सब्जी-फल, दुग्ध उत्पादकों-विक्रेताओं तथा किसानों को भी मिलेगा।

    कृषि एवं दुग्ध उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना आसान होने से स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। मॉनसून के दौरान यह सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।

    6 पंचायतों को मिलेगा लाभ

    स्टीमर फेरी सेवा के माध्यम से दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों- पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर एवं सारण के एक पंचायत अकिलपुर के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

    दियारावासियो के आवागमन के लिए पीपापुल एकमात्र साधन होता है, जो 15 जून के बाद खोल दिया जाता है, जिसके बाद नौका ही आवागमन का एक सहारा बन जाता है।

    स्टीमर फेरी सेवा शुरू होने से इस अवधि में लोगों का आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा। दियारा क्षेत्र में वर्तमान में 58 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 553 शिक्षक एवं कर्मी कार्यरत हैं।

    इसके अलावा क्षेत्र में 95 आंगनबाड़ी केंद्रों में 190 सेविका-सहायिका, 3 स्वास्थ्य उपकेंद्र तथा पंचायत कार्यालय संचालित हैं। फेरी सेवा शुरू होने से इन संस्थानों में कार्यरत सभी को अपने कार्यस्थलों तक आने-जाने में सहूलियत होगीl

    शुभारंभ के मौके पर ये रहे मौजूद

    इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद अनामिका सिंह पटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा अनुमंडलाधिकारी अनिरुद्ध पांडेय उपस्थित थे।

    इससे पूर्व मुख्यमंत्री का पहुंचने पर जदयू के प्रदेश महासचिव विनोद कुमार सिंह, संजय सिंह, भाजपा के शंकर सिंह, ब्रजेश कुमार सिंह, संजय यादव, अमरजीत कुमार, अजीत यादव भाई सनोज यादव रंजीत यादव ने स्वागत किया। काफी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- सारण: पंचायत चुनाव से पहले परिसीमन की चर्चा तेज, संभावित उम्मीदवारों की बढ़ी हलचल