विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

30 दिन में शिकायत दूर नहीं तो अफसर होंगे सस्पेंड; CM सम्राट का कड़ा निर्देश, महिलाओं और युवाओं पर फोकस

Published: Tue, 25 Aug 2026 09:21 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्रों की शिक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' की शुरुआत की है। ...और पढ़ें

30 दिन में शिकायत दूर नहीं तो अफसर होंगे सस्पेंड; CM सम्राट का कड़ा निर्देश

30 दिन में शिकायत दूर नहीं तो अफसर होंगे सस्पेंड; CM सम्राट का कड़ा निर्देश

HighLights

  1. विद्यार्थी सहयोग शिविर: शिक्षा, छात्रावास, कॉलेज समस्याओं का समाधान।

  2. सरकार का लक्ष्य: एक करोड़ सरकारी नौकरी और रोजगार देना।

  3. महिला सशक्तिकरण बिहार के समृद्ध भविष्य की कुंजी।

राज्य ब्यूरो, पटना। महिलाओं के हित में कई घोषणाएं करने के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्रों के हित को भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में बताया। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद सभागार में मंगलवार को समारोह के दौरान उन्होंने बताया कि सरकार ने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थी सहयोग शिविर की शुरुआत की है।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था पहले ही शुरू की जा चुकी है। अब शिविर के माध्यम से छात्रों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। छात्रावास, स्कूल-कालेज सहित शिक्षा से जुड़ी सभी समस्याओं को इसमें सम्मिलित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 में 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया था। इसके मुकाबले लगभग 12 लाख सरकारी नौकरियां दी गईं। लगभग 51 लाख लोगों को रोजगार से जोड़ा गया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में सरकार ने एक करोड़ लोगों को सीधे सरकारी नौकरी और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाओं को रोजगार से जोड़ना इस लक्ष्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। महिला सशक्तीकरण को समृद्ध बिहार की सबसे बड़ी शक्ति बनाकर नए बिहार का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाओं को पंचायत और नगर निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। आज राज्य में 59-60 प्रतिशत महिलाएं जन-प्रतिनिधि के रूप में निर्वाचित होकर आ रही हैं। यह महिला सशक्तीकरण की दिशा में बिहार की बड़ी उपलब्धि है।

समारोह में उपस्थिति:

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि और जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा सहित जीविका दीदी, सुधा सखी दीदी एवं अन्य लाभुक की उपस्थिति रही।

सहयोग पोर्टल से 96 प्रतिशत आवेदनों का निष्पादन:

मुख्यमंत्री ने बताया कि सहयोग पोर्टल के माध्यम से अब तक लगभग 6.46 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। उनमें से 96 प्रतिशत आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान हो। 30 दिन के अंदर समस्याओं के समाधान की व्यवस्था करने वाला पहला राज्य है।

सहयोग पोर्टल पर मिली समस्याओं का समय से समाधान नहीं होने पर मुख्यमंत्री सचिवालय से तीन नोटिस दिए जा रहे। उसके बाद भी कोताही हुई तो निलंबन की कार्रवाई का प्रविधान है।

11 दिन पर पहला नोटिस दिया जा रहा। लगभग पांच हजार मामलों में यह नोटिस गया। 21 दिन पर दिया जाने वाला दूसरा नोटिस लगभग 600 मामलों में दिया गया। तीसरा नोटिस शिकायत के 25वें दिन दिया जाता है, जो अब तक 325 मामलों में दिया जा चुका है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए महिलाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। सभी बहनों से आह्वान है कि वे आगे आएं और रोजगार, स्वास्थ्य तथा सामाजिक विकास के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। - सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री

यह भी पढ़ें- 'अगले 3 साल में 1 करोड़ महिलाओं को मिलेगा रोजगार', रक्षाबंधन से पहले CM सम्राट का एलान