यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar: सीएम के नामकरण का सिलसिला जारी, केंद्रीय मंत्री बोले- नीतीश कुमार अब बिहार के लिए ''समस्या कुमार'' हैं
BJPs Protest Against Buxar Incident चौसा में किसानों पर पुलिस की बर्बरता और श्रीरामचरितमानस के अपमान को लेकर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने गुरुवार क ...और पढ़ें

पटना, राज्य ब्यूरो: बक्सर जिले के चौसा में मुआवजे की मांग को लेकर धरना दे रहे किसानों के घर में पुलिस की बर्बरता और श्रीरामचरितमानस के अपमान को लेकर बक्सर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने गुरुवार को गांधी मैदान स्थित जेपी प्रतिमा के नीचे एक दिवसीय धरना दिया।
इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नीतीश कुमार अब बिहार के लिए समस्या कुमार हैं। समाधान की मंशा रहती तो, बक्सर दौरे के दौरान बनारपुर के किसानों से मिलते और उनका दुख-दर्द सुनते। किसानों की समस्या का समाधान करते, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
परशुराम की शहादत नहीं जाएगी बर्बाद : अश्विनी चौबे
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि नीतीश अब लोकनायक जयप्रकाश नारायण के सिद्धांतों को भूल चुके हैं। किसानों के लिए परशुराम चतुर्वेदी की शहादत बर्बाद नहीं जाएगी। धरने को भाजपा प्रदेश के अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, रामकृपाल यादव और संजय पासवान के अलावा भाजपा विधानमंडल दल के नेता विजय सिन्हा, विधान परिषद में प्रतिपक्ष के नेता सम्राट चौधरी ने संबोधित किया।
इस दौरान धरने में पार्टी के सैकड़ों नेता, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. संजय पासवान ने कहा कि श्रीरामचरितमानस का अपमान श्रीराम व माता सीता का अपमान है। पूरी संस्कृति का अपमान है। किसी भी सूरत में यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।