Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    I.N.D.I.A की मुहिम आगे बढ़ाने वाली कमेटियों में बिहार का दबदबा, लालू बोले- ...इसलिए बनी भाजपा की सरकार

    By BHUWANESHWAR VATSYAYANEdited By: Yogesh Sahu
    Updated: Sat, 02 Sep 2023 02:30 PM (IST)

    Lalu Yadav And I.N.D.I.A बिहार का दबदबा आईएनडीआईए की कमेटियों में दिख रहा है। महागठबंधन की मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश के जदयू और राजद के कई ने ...और पढ़ें

    I.N.D.I.A की मुहिम आगे बढ़ाने वाली कमेटियों में बिहार का दबदबा, लालू बोले- ...इसलिए बनी भाजपा की सरकार
    I.N.D.I.A की मुहिम आगे बढ़ाने वाली कमेटियों में बिहार का दबदबा, लालू बोले- ...इसलिए बनी भाजपा की सरकार

    HighLights

    1. लालू प्रसाद ने वैज्ञानिकों को दी नरेंद्र मोदी को सूर्य पर भेजने की सलाह
    2. बोले- हम एक हो गए हैं, केंद्र में भाजपा सरकार की विदाई हो जाएगी

    Lalu Yadav And I.N.D.I.A : राज्य ब्यूरो, पटना। आईएनडीआईए की मुहिम को आगे बढ़ाने वाली कमेटियों में बिहार का दबदबा दिख रहा। पटना से शुरू हुए इस अभियान को ले मुंबई में बनी कमेटी में जदयू और राजद के राजनीतिज्ञों को खूब जगह मिली है। आश्चर्यजनक तरीके से कमेटियों में कांग्रेस के नेता को जगह नहीं मिली है।

    समन्वय कमेटी में 13 में दो नाम बिहार से

    समन्वय कमेटी में जिन 13 लोगों को जगह मिली है, उनमें दो नाम बिहार से हैं। जदयू के राष्ट्रूीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और राजद नेता व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव इस कमेटी में शामिल किए गए हैं। बिहार के अलावा सिर्फ महाराष्ट्र से दो लोग इस कमेटी में हैं। इनमें एक शरद पवार हैं, दूसरे शिव सेना के संजय राउत।

    रिसर्च के लिए बने वर्किंग ग्रुप में भी दो को स्थान

    रिसर्च के लिए बने वर्किंग ग्रुप में भी बिहार से जदयू और राजद के एक-एक पदाधिकारी को जगह मिली है। यह कमेटी 11 लोगों की है। जदयू के केसी त्यागी और राजद से प्रो. सुबोध मेहता को इस कमेटी में रखा गया है।

    संजय झा और संजय यादव को कैंपेन कमेटी में जगह

    कैंपेन कमेटी में जदयू नेता व जल संसाधन मंत्री संजय झा तथा राजद से संजय यादव को शामिल किया गया है। संजय यादव उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के राजनीतिक सलाहकार हैं।

    खबरें और भी

    मीडिया के लिए बने वर्किग ग्रुप में मनोज झा व राजीव रंजन

    मीडिया के लिए बने वर्किंग ग्रुप में राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य मनोज झा तथा जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन को जगह मिली है। जदयू के मनीष कुमार भी इस कमेटी में हैं।

    इंटरनेट मीडिया के लिए बने वर्किंग ग्रुप में भी बिहार

    एक वर्किंग कमेटी इंटरनेट मीडिया के लिए भी बनी है। इसमें राजद के सुमित शर्मा को रखा गया है।

    हम अलग-अलग थे, इसलिए बनी भाजपा की सरकार

    राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा है कि विपक्षी दलों के अलग-अलग चुनाव लड़ने के कारण ही भाजपा चुनाव जीतती रही है। अब हम एक हो गए हैं। केंद्र की सरकार से भाजपा की भी विदाई हो जाएगी।

    लालू ने शुक्रवार को मुंबई में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आज देश में हर कोई परेशान है। अल्पसंख्यक, गरीब, युवा सब तकलीफ में हैं। महंगाई की मार पड़ी है।

    विपक्षी दलों का गठबंधन देश की जनता को इन सबसे मुक्ति दिलाएगा। लालू ने कहा कि भाजपा झूठ और झांसे के बल पर सत्ता में आई।

    चुनाव के समय कहा गया कि स्विस बैंक में देश के राजनेताओं का काला धन जमा है। उसमें मेरा भी नाम लिया गया। लोगों को कहा गया कि भाजपा की सरकार बनेगी तो काला धन आएगा।

    हर आदमी के बैक खाते में 15-15 लाख रुपया जमा किया जाएगा। इस फेर में आम लोगों ने बैंकों में अपना खाता खुलवाया। हमने भी खुलवाया। हमारे नौ बच्चे हैं। हम पति-पत्नी हैं।

    परिवार के सदस्यों के कुल 11 बैंक खाते खुले। जोड़ कर देखा कि हरेक खाता में 15 लाख रुपया जमा होगा। बहुत पैसा हो जाएगा। रुपया नहीं आया।

    असल में विदेशी बैंकों में भाजपा नेताओं का काला धन है। कहा कि पुराने जमाने में सामंत गरीबों को झूठे मुकदमों में फंसाते थे।

    यही काम आज केंद्र सरकार कर रही है। विपक्षी दलों के नेताओं को सीबीआई और ईडी के माध्यम से झूठे मुकदमे में फंसाती है।

    मोदी को भेजें सूर्य पर

    चंद्रयान की सफलता के लिए लालू ने इसरो के वैज्ञानिकों की खूब प्रशंसा की। कहा कि दुनियाभर में देश का नाम हुआ है।

    साथ में वैज्ञानिकों से आग्रह भी किया कि अगली बार वे प्रधानमंत्री को सूर्य पर भेज दें। दशहरा के बाद यह काम करें। ऐसा हुआ तो दुनिया में देश का नाम होगा।

    अमेरिका भी पीछे छूट जाएगा। लालू ने टमाटर की महंगाई पर भी मजाक किया। कहा कि टमाटर बहुत महंगा हो गया है। लेकिन, इनके राज में टमाटर में कोई स्वाद नहीं रह गया है।

    सीएम नीतीश कुमार ने विपक्षी एकता की नींव रखी है: अशोक चौधरी

    भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्षी एकता की नींव रखी है। आज जो आईएनडीआईए दिख रहा, वह मुख्यमंत्री की पहल का ही नतीजा है।

    जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के क्रम में उन्होंने यह बात कही। भवन निर्माण मंत्री ने कहा कि जहां तक उनके आईएनडीआईए के संयोजक बनने का प्रश्न है, वह कई बार अपनी बात रख चुके हैं।

    मुख्यमंत्री अपने लिए किसी भी पद के इच्छुक नहीं है। केंद्र द्वारा संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि सरकार किस एजेंडे पर विशेष सत्र को बुला रही है, उसकी अभी जानकारी नहीं है।