बिहार में DPO रूबी कुमारी पर 2.45 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का आरोप, पति समेत 4 ठिकानों पर EOU का छापा
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बिहार की शिक्षा विभाग की DPO रूबी कुमारी के किशनगंज और कटिहार स्थित चार ठिकानों ...और पढ़ें

किशनगंज से कटिहार तक एक साथ पहुंची EOU की टीमें
HighLights
DPO रूबी कुमारी के 4 ठिकानों पर EOU की छापेमारी।
घोषित आय से 80% अधिक संपत्ति का प्रारंभिक अनुमान।
छापेमारी में जमीन निवेश के महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। किशनगंज जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) के पद पर तैनात रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के ठिकानों पर मंगलवार को एक साथ छापेमारी की गई। दोनों पर ज्ञात आय से 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
EOU की प्रारंभिक जांच में यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से 87.49 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में भी हलचल मची हुई है।
2.45 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज
आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, रूबी कुमारी और उनके पति पर आपराधिक षड्यंत्र के तहत आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इस मामले में आर्थिक अपराध थाने में कांड संख्या 31/26 दर्ज किया गया है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 49 और 61(2) के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) एवं 13(1)(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
कटिहार से किशनगंज तक चार ठिकानों पर छापेमारी
मंगलवार को पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में EOU की टीमों ने चार स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। इसमें कटिहार के ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित रूबी कुमारी का पैतृक मकान और उनका निजी अपार्टमेंट शामिल है।
इसके अलावा किशनगंज स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में उनके सरकारी कक्ष और लाइनपाड़ा मोहल्ले में उनके किराये के आवास की भी तलाशी ली जा रही है।
दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच
छापेमारी का उद्देश्य कथित आय से अधिक संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाना है। जांच के दौरान संपत्ति, निवेश और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की जाएगी।
EOU की तलाशी और आगे की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रूबी कुमारी और उनके पति के पास कुल कितनी संपत्ति है और उसका स्रोत क्या है। फिलहाल मामला जांच के अधीन है और आरोपों को अदालत में साबित किया जाना बाकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।