बिहार में प्राइवेट प्लेयर के सहयोग से चमकेगा ईको-टूरिज्म, वन विभाग की बैठक में बनी रणनीति
बिहार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने पटना में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए निवेशकों के साथ बैठक की। राज्य में विश्वस्तरीय पर्यटन अध ...और पढ़ें

बिहार में पर्यटन बढ़ाने पर जोर। फाइल फोटो
HighLights
पटना में इको-टूरिज्म निवेशकों के साथ बैठक हुई।
निजी निवेश से विश्वस्तरीय पर्यटन अधिसंरचना विकसित होगी।
भीमबांध परियोजना व 27 डैम साइट्स पर जोर।
राज्य ब्यूरो, पटना। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने रविवार को अरण्य भवन में इको टूरिज्म से जुड़े निवेशकों के साथ बैठक की। बैठक में इस क्षेत्र में विश्वस्तरीय पर्यटन अधिसंरचना विकसित करने पर विमर्श हुआ।
विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कई विशेषज्ञों एवं निवेशकों ने भाग लिया। विभाग के पीसीसीएफ अरविंदर सिंह ने बताया कि भीमबांध परियोजना का रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) पहले ही सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध कराया जा चुका है।
इसके साथ ही विभाग द्वारा एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट भी जारी किया गया है, जिसमें 27 डैम साइट्स तथा 247 तालाब एवं पोखर स्थलों को चिन्हित किया गया है।
निजी निवेश पर जोर
उन्होंने कहा कि विभाग इन स्थलों पर निजी निवेशकों को आमंत्रित करना चाहता है, ताकि बड़े पैमाने पर इको टूरिज्म को विकसित किया जा सके। विभाग की योजना इन स्थलों को मानकों के अनुरूप विश्वस्तरीय अधिसंरचना के साथ विकसित करने की है।
इसके लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा और परियोजनाओं को बिल्ड, आपरेट एंड ट्रांसफर माडल पर संचालित किया जाएगा। बैठक में आगामी नौ जून को आयोजित होने वाली बैठक के लिए उद्योग एवं व्यापार संगठनों, चैंबर आफ कामर्स, सीआईआई तथा बड़े निवेशकों को आमंत्रित करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
विकास में सहयोग की अपील
विभाग ने निजी निवेशकों से राज्य में इको टूरिज्म विकास में सहयोग की अपील की। इस दौरान करीब 25 निवेशकों एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक नंद किशोर, विभाग के विशेष सचिव सह सीसीएफ आलोक कुमार, सीसीएफ, अमित, बिहार इको टूरिज्म डेवलपमेंट सोसाइटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नेशामणि, वन संरक्षक (मुख्यालय) सत्यजीत कुमार, पटना जू के निदेशक हेमंत पाटिल, सहित विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।