बिहार के इंजीनियर पर गिरी गाज, फर्जी सत्यापन मामले में निलंबित; दो पर विभागीय कार्रवाई शुरू
Bihar Engineer Suspended for Fake Verification; बिहार सरकार ने ग्रामीण कार्य विभाग में लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई की है। लखीसरा ...और पढ़ें

लखीसराय के कार्यपालक अभियंता निलंबित
HighLights
लखीसराय के कार्यपालक अभियंता फर्जी सत्यापन में निलंबित।
दो अन्य अभियंताओं पर विभागीय कार्रवाई शुरू।
बिना निरीक्षण डीपीआर बनाने का आरोप।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार ने ग्रामीण कार्य विभाग में लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर अनियमितता पाए जाने के बाद एक कार्यपालक अभियंता को निलंबित कर दिया है।
इसके साथ ही दो अन्य अभियंताओं के खिलाफ आरोप-पत्र गठित कर विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है।
लखीसराय के कार्यपालक अभियंता निलंबित
ग्रामीण कार्य विभाग के अनुसार लखीसराय कार्य प्रमंडल में तैनात कार्यपालक अभियंता आशुतोष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
उन पर पथ निर्माण विभाग की एक निविदा में संवेदक के अनुभव प्रमाण-पत्र का गलत सत्यापन करने का आरोप है। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
निविदा प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप
बताया गया कि निविदा प्रक्रिया में गलत सत्यापन से सरकारी कार्यों की पारदर्शिता प्रभावित हुई। विभाग ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार की श्रेणी में माना है।
सरकार का कहना है कि विकास योजनाओं में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
दो अन्य अभियंताओं पर भी गिरी गाज
वहीं खगड़िया कार्य प्रमंडल में पदस्थापित रहे सहायक अभियंता उज्ज्वल और कार्यपालक अभियंता विद्याभूषण के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
दोनों अभियंताओं पर बिना स्थल निरीक्षण किए सड़क निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार करने का आरोप है।
पीएमजीएसवाई सड़क परियोजना में अनियमितता
यह मामला प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनने वाले आनंदपुर-मारन-परास मुसहरी पथ से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि परियोजना से पहले आवश्यक स्थल निरीक्षण नहीं किया गया।
विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए दोनों अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई का निर्णय लिया है।