बिहार में बाढ़ से फसल नुकसान की भरपाई शुरू, 29 सितंबर तक करें आवेदन; ₹22500 प्रति हेक्टेयर तक मिलेगा अनुदान
अगस्त की बाढ़ से क्षतिग्रस्त फसलों के लिए कृषि इनपुट अनुदान हेतु आवेदन प्रक्रिया 23 सितंबर से शुरू होगी, प्रभावित किसान 29 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

बाढ़ से फसलों का नुकसान। फाइल फोटो
HighLights
कृषि इनपुट अनुदान आवेदन 23 सितंबर से 29 सितंबर तक करें।
अगस्त बाढ़ से क्षतिग्रस्त फसलों के लिए किसानों को मिलेगा अनुदान।
रैयत और गैर-रैयत दोनों किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राज्य ब्यूरो, पटना। अगस्त के अंतिम सप्ताह में आई बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त फसलों के लिए कृषि इनपुट अनुदान के अंतर्गत आवेदन की प्रक्रिया 23 सितंबर से प्रारंभ होगी। प्रभावित किसान 29 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर कृषि इनपुट अनुदान का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को बताया कि अनुदान की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। क्षति के आकलन के आधार पर 18 जिलों के 84 प्रखंडों की 653 पंचायतों के प्रभावित किसानों को अनुदान मिलेगा।
क्या है अनुदान की दर?
वर्षाश्रित (असिंचित) फसल क्षेत्र के लिए 8,500 रुपये प्रति हेक्टेयर, सिंचित क्षेत्र के लिए 17,000 रुपये प्रति हेक्टेयर तथा शाश्वत/बहुवर्षीय फसल (गन्ना सहित) के लिए 22,500 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अनुदान देय है।
यह अनुदान अधिकतम दो हेक्टेयर क्षेत्र के लिए देय है। असिंचित क्षेत्र के लिए न्यूनतम 1,000 रुपये, सिंचित क्षेत्र के लिए न्यूनतम 2,000 रुपये तथा शाश्वत/बहुवर्षीय फसल (गन्ना सहित) के लिए न्यूनतम 2,500 रुपये अनुदान देय होगा।
रैयत एवं गैर-रैयत दोनों किसानों को मिलेगा लाभ
कृषि इनपुट अनुदान सभी पंजीकृत रैयत एवं गैर-रैयत किसानों को देय होगा। रैयत किसान/किसान परिवार के लिए अद्यतन अथवा वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 का एलपीसी/लगान रसीद मान्य होगा।
वहीं, गैर-रैयत किसान परिवार के लिए जन-प्रतिनिधि (वार्ड सदस्य/मुखिया/सरपंच) एवं कृषि समन्वयक द्वारा प्रमाणित स्वघोषित प्रमाण-पत्र मान्य होगा। स्वघोषित प्रमाण-पत्र का प्रारूप डीबीटी पोर्टल पर उपलब्ध है, जिसे किसान डाउनलोड कर प्राप्त कर सकते हैं।
संपर्क-सूत्र : आवेदन अथवा योजना से संबंधित जानकारी के लिए किसान हेल्पलाइन सेंटर के टाल-फ्री नंबर 1800-180-15551 अथवा संबंधित जिला कृषि पदाधिकारी से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें- सहरसा में बनेंगे हाईटेक मत्स्य बाजार! प्रखंड में 12 और पंचायत में 6 दुकानें, सौरबाजार व सुलिन्दाबाद से होगी शुरुआत
