बिहार सरकार ने तय की नई जिम्मेदारियां, 20 सूत्री समिति में तीन नए सदस्य; नागरिक परिषद में अजय-हरेंद्र को अहम पद
बिहार सरकार ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति और बिहार राज्य नागरिक परिषद में नई जिम्मेदारियां तय की हैं। 20 सूत्री ...और पढ़ें

नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह व महासचिव हरेंद्र सिंह। फाइल
HighLights
20 सूत्री समिति में तीन नए सदस्य शामिल।
नागरिक परिषद में अजय सिंह उपाध्यक्ष, हरेंद्र महासचिव बने।
नए सदस्यों को उपमंत्री का दर्जा मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य सरकार ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति यानी 20 सूत्री समिति और बिहार राज्य नागरिक परिषद में नई जिम्मेदारियां तय की हैं।
20 सूत्री समिति में तीन नए सदस्यों को शामिल किया गया है, जबकि नागरिक परिषद में उपाध्यक्ष और महासचिव की नियुक्ति की गई है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने सोमवार को इससे संबंधित अधिसूचनाएं जारी कर दीं।
सहयोगी दलों के नेताओं को भी मिली जगह
अधिसूचना के अनुसार रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक आलोक कुमार सिंह, पूर्व मंत्री एवं हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार और लोजपा (रा) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार उर्फ सुरेन्द्र विवेक को राज्यस्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति का सदस्य बनाया गया है।
तीनों को उपमंत्री का दर्जा और इससे जुड़ी सुविधाएं मिलेंगी। इधर, बिहार राज्य नागरिक परिषद में डाॅ.अजय कुमार सिंह को उपाध्यक्ष और हरेन्द्र बहादुर सिंह को महासचिव बनाया गया है।
पूर्व सांसद के पति बने नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष
हरेन्द्र बहादुर सिंह को अरविंद सिंह उर्फ छोटू सिंह की जगह यह जिम्मेदारी दी गई है। छोटू सिंह को कुछ समय पहले परिषद के महासचिव पद से पदमुक्त कर दिया गया था। छोटू सिंह को जदयू से भी 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था।
हरेंद्र लंबे समय तक पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुरक्षा अधिकारी रहे हैं। सिवान के डाॅ. अजय कुमार सिंह पूर्व सांसद कविता सिंह के पति हैं।
2019 में कविता सिंह सिवान की सांसद चुनी गईं थीं। अजय सिंह मूल रूप से सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के नंदमुड़ा गांव के रहने वाले हैं।
