6 अप्रैल से बदलेगा स्कूल टाइम: बिहार के 80 हजार सरकारी स्कूल होंगे मॉर्निंग; बच्चों और शिक्षकों के लिए नया शेड्यूल
School Timing: बिहार के सभी 80 हजार सरकारी विद्यालय 6 अप्रैल से मॉर्निंग शिफ्ट में संचालित होंगे। सुबह 6:30 बजे से 12:20 बजे तक बच्चों की छुट्टी होगी, ...और पढ़ें

सुबह 6:30 से 12:20 बजे तक बच्चों के चलेगी स्कूल। प्रतीकात्मक फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य के सभी 80 हजार सरकारी विद्यालय छह अप्रैल से मॉर्निंग शिफ्ट में संचालित होंगे। इस दौरान विद्यालय सुबह 6:30 बजे खुलेंगे और 12:20 बजे बच्चों की छुट्टी होगी।
शिक्षक 12:30 बजे तक विद्यालय में रहेंगे। इस संबंध में कई जिलों द्वारा आदेश जारी किए गए हैं, जो माध्यमिक शिक्षा निदेशक के पूर्व निर्देश (ज्ञापांक 664, दिनांक 4 अप्रैल 2025) के आलोक में हैं।
सुबह 6:30 बजे से प्रार्थना सत्र
निर्देश के अनुसार अप्रैल के पहले सोमवार से विद्यालयों को मॉर्निंग शिफ्ट में संचालित करने का प्रावधान है। इसके तहत सुबह 6:30 से 7:00 बजे तक प्रार्थना एवं चेतना सत्र होगा।
इसके बाद 7:00 से 7:40 बजे तक पहली घंटी, 7:40 से 8:20 बजे तक दूसरी, 8:20 से 9:00 बजे तक तीसरी घंटी चलेगी।
9:00 से 9:40 बजे तक मध्यांतर रहेगा। इसी दौरान प्रारंभिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन परोसा जाएगा। मध्यांतर के बाद 9:40 से 10:20 बजे तक चौथी घंटी की पढ़ाई होगी।
12:20 बजे बच्चों की होगी छुट्टी
वहीं 10:20 से 11:00 बजे तक पांचवीं, 11:00 से 11:40 बजे तक छठी और 11:40 से 12:20 बजे तक सातवीं घंटी होगी।
सातवीं घंटी के बाद 12:20 बजे बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी। इसके पश्चात 12:20 से 12:30 बजे तक प्रधानाध्यापक की देखरेख में शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए विषयों की समीक्षा की जाएगी।
फिर अगले दिन की कार्ययोजना तथा छात्रों को दिए गए गृहकार्य की जांच की जाएगी। स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर कई सारी व्यवस्थाएं की गई हैं। इसमें कई स्तर पर निगरानी की जा रही है।